Trending

पंजाब किंग्स की हार, मध्यक्रम में अनुभव की कमी बनी वजह : पोंटिंग

पंजाब किंग्स के मुख्य को रिकी पोंटिंग ने माना कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी टीम को मध्यक्रम में अनुभव की कमी का खामियाजा भुगतना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के सफल कप्तानों में शुमार इस पूर्व बल्लेबाज ने उम्मीद जताई कि टीम के युवा खिलाड़ी भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

साभार : गूगल

आईपीएल के इस सत्र में पंजाब किंग्स का प्रभावशाली प्रदर्शन फाइनल में आरसीबी से छह रन की हार के साथ खत्म हुआ। आरसीबी ने आईपीएल ट्रॉफी जीतने का 18 साल लंबा इंतजार खत्म किया। जीत के लिए 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रही।

शशांक सिंह (30 गेंदों में नाबाद 61 रन) ने आखिरी ओवरों में आक्रामक अर्धशतक जड़ा लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। पोंटिंग ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘आप आज रात टीम को महसूस सकते हैं कि शायद थोड़ी सी अनुभवहीनता के कारण हमें हार मिली। आज मध्यक्रम में थोड़ा सा अनुभव शायद हमारी मदद कर सकता था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि वे आगे चलकर हमारे लिए कई मैच जीतने जा रहे हैं।’’ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रही लेकिन मैच के आगे बढ़ने के साथ यह धीमी होती चली गयी। पोंटिंग ने हार के लिए कोई ‘बहाना’ बनाने से इनकार कर दिया। उनसे जब दूसरी पारी में पिच के बदले मिजाज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता। हम कोई बहाना नहीं बनाना चाहते हैं।

शशांक ने मैच के बाद कहा कि यह पूरे सत्र की सबसे अच्छी विकेट (बल्लेबाजी के लिए बेहतर पिच) थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमने मैच के अहम चरण में लय गवां दी। हम पावरप्ले के आखिरी ओवरों में थोड़ा पिछड़ने लगे थे। हमने इसके बाद जरूरी मौकों पर अपने अहम विकेट गंवा दिये।’’ पोंटिंग ने कहा कि उनकी टीम आरसीबी को 190 रन पर रोककर संतुष्ट थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ आरसीबी को लगा होगा कि उन्होंने थोड़े कम रन बनाये है। हम 190 के करीब के लक्ष्य का पीछा करने को लेकर खुश थे। हम लक्ष्य का पीछा करते समय अच्छा नहीं खेल सके।’’

पोंटिंग ने कहा कि वह इस अभियान को संतोष के साथ देखेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सत्र शुरू होने से पहले मुल्लांपुर में श्रेयस (अय्यर) के साथ पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था… यह एक बेखौफ, आक्रमण और अलग टीम बनाने के बारे में था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रभ (प्रभसिमरन सिंह), प्रियांश (आर्य) और (नेहल) वढेरा और इस तरह के खिलाड़ियों ने जो किया, उसके आधार पर पिछले कुछ महीनों में आपके (मीडिया) के माध्यम से शायद काफी कुछ कहा जा चुका है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम जिस तरह से अपना क्रिकेट खेलने में सक्षम हैं उससे मुझे काफी संतुष्टि मिलेगी।’’