Trending

गौतम गंभीर ने श्रेयस अय्यर के टेस्ट सिलेक्शन पर तोड़ी चुप्पी: ‘फॉर्म में रहने वालों के लिए दरवाजे खुले’

भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर ने इंग्लैंड के लिए रवाना होने से पहले कप्तान शुभमन गिल के साथ मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

साभार : गूगल

टीम इंडिया को इंग्लैंड के दौरे पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है और इस सीरीज के लिए 18 सदस्यीय टीम का ऐलान पहले ही हो गया है। इस टीम में श्रेयस अय्यर को मौका नहीं मिला है, जबकि उनको बीसीसीआई ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट में फिर से शामिल किया है।

अब गौतम गंभीर ने श्रेयस अय्यर के सिलेक्शन नहीं होने पर बात की और कहा कि उनको जरूरत पड़ने पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए बुलाया जा सकता है। गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रेयस अय्यर से जुड़े सवाल पर कहा, “देखिए, किसी को भी बुलाया जा सकता है। अगर कोई अच्छी फॉर्म में है तो उसे बुलाया जा सकता है।

हम केवल 18 लोगों को चुन सकते थे। चीफ सिलेक्टर ने पहले ही उस सवाल का जवाब दे दिया है। मेरे लिए, मुझे लगता है कि हमेशा उन लोगों के लिए दरवाजे खुले हैं, जो अच्छी फॉर्म में हैं और जो आकर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।” अय्यर की मौजूदा फॉर्म दमदार है और उन्होंने आईपीएल 2025 में 604 से ज्यादा रन 50 से ज्यादा की औसत से बनाए हैं।

पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग का मानना था कि अय्यर को इंग्लैंड जाने वाली टीम में होना चाहिए था। दोनों ने साथ में पंजाब किंग्स के लिए काम किया था। श्रेयस अय्यर टीम के कप्तान थे और वे कोच थे।

श्रेयस अय्यर की वापसी टेस्ट क्रिकेट में हो सकती थी, क्योंकि वे पहले मिडिल ऑर्डर में खेल चुके हैं और एक अनुभवी बल्लेबाज टीम को मिलता, क्योंकि रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। ऐसे में नंबर चार की जगह खाली थी, जिसे श्रेयस अय्यर भर सकते थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने साफ कर दिया था कि उनके लिए टेस्ट टीम में अभी कोई जगह नहीं है।