Trending

नए कप्तान शुभमन गिल को दीप दासगुप्ता का समर्थन: टेस्ट में नंबर 4 पर खेलने की सलाह

पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने आगामी इंग्लैंड दौरे से पहले नए कप्तान शुभमन गिल का समर्थन किया है। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने दीप दासगुप्ता ने ये भी कहा है कि शुभमन गिल को विराट कोहली की पोजिशन पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। इससे शुभमन गिल के एक बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में पुनर्जन्म गोगा।

साभार : गूगल

रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद गिल को भारत का अगला टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है। इसके अलावा विराट कोहली भी रिटायरमेंट ले लिया है तो अब नंबर चार की पोजिशन खाली हो चुकी है। इस नंबर पर शुभमन गिल खेल सकते हैं, जो पहले से ही नंबर तीन पर खेलते आ रहे हैं।

दीप दासगुप्ता ने कहा है कि टेस्ट क्रिकेट में सफल होने के लिए शुभमन गिल के लिए सही जगह यही है। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, “अब से हम शुभमन गिल 2.0 देखेंगे – एक अलग स्थान पर। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि टेस्ट मैच क्रिकेट में मध्य क्रम – और अब विशेष रूप से नंबर चार – उनके लिए सही स्थान है।

पहले, मैं ‘मध्य क्रम’ कहता था, क्योंकि हमें नहीं लगता था कि विराट इतनी जल्दी फॉर्मेट से दूर हो जाएगा। लेकिन अब जब यह स्थान खाली हो गया है, तो मुझे लगता है कि लाल गेंद वाले क्रिकेट में शुभमन के लिए नंबर चार सही स्थान है।” इसके अलावा दीप दासगुप्ता ने उल्लेख किया कि मध्य क्रम में बदलाव से गिल को टेस्ट बल्लेबाज के रूप में पुनर्जन्म लेने में मदद मिलेगी, क्योंकि उन्होंने बल्लेबाजी पोजिशन बदलने के बाद थोड़ा बहुत फायदा पहले ही हो चुका है।

उन्होंने कहा, “एक तरह से यह शुभमन गिल का पुनर्जन्म होने जा रहा है – लाल गेंद का खिलाड़ी, लाल गेंद का बल्लेबाज। मैं पहले के आंकड़ों के बारे में ज्यादा चिंतित नहीं हूं, क्योंकि जैसा कि मैंने कहा, वे तब के हैं जब वह ओपनिंग कर रहे थे या नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।

तकनीकी रूप से, वह टेस्ट क्रिकेट में नंबर चार या मध्य क्रम के लिए ज्यादा उपयुक्त हैं।” शुभमन गिल ने अब तक 32 टेस्ट मैच भारतीय टीम के लिए खेले हैं और इनमें 1893 रन उन्होंने बनाए हैं, लेकिन औसत उनका 35.05 का है, जिसमें पांच शतक और सात अर्धशतक हैं।

इंग्लैंड का दौरा बल्लेबाज और कप्तान के तौर पर गिल के लिए कठिन होगा, क्योंकि उन्होंने अभी तक टेस्ट टीम की कप्तानी नहीं की है और उनके पास अनुभवी खिलाड़ियों की भी कमी है। इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन बल्ले से अच्छा नहीं रहा है। वे तीन टेस्ट मैचों में 88 रन ही बना सके हैं।