डोपिंग विवाद में भारतीय धाविका वर्षा टेकाम पर 3 साल का प्रतिबंध: एआईयू ने की पुष्टि
भारत की लंबी दूरी की धाविका वर्षा टेकाम पर एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट द्वारा डोप टेस्ट से बचने के लिए तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया।

पुणे हाफ मैराथन में एक घंटे 26.22 मिनट के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं वर्षा को 26 मई को अस्थाई तौर पर निलंबित हुई थी। एआईयू के मुताबिक वर्षा को अनुच्छेद 2.3 (किसी एथलीट द्वारा नमूना संग्रह से बचने, मना करने या उसे प्रस्तुत करने में विफल रहने) के तहत निलंबित किया गया था।
एआईयू ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘‘एआईयू ने वर्षा टेकाम को नमूना संग्रह से बचने, मना करने या उसे प्रस्तुत करने में विफल रहने के लिए 20 मई से तीन साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। उनके मुकाबलों के परिणाम 15 दिसंबर 2024 से अमान्य होंगे।’’
एआईयू ने कहा वर्षा ने मंगलवार को ‘डोपिंग रोधी नियम उल्लंघन की स्वीकृति और परिणाम स्वीकृति प्रपत्र’ पर हस्ताक्षर कर के लौटा दिया। यह इस बात की पुष्टि करता है कि उन्होंने डोपिंग रोधी नियम उल्लंघन के साथ निलंबन की अवधि स्वीकार कर ली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ वर्षा की डोपिंग और प्रतिबंध की स्वीकृति के कारण एडीआर के नियम 10.8.1 के तहत निलंबन की अवधि में एक वर्ष की कटौती हुई।’’