Trending

इंग्लैंड में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा: राहुल का शतक, नायर और जुरेल का अर्धशतक

आईपीएल 2025 खेलने के बाद केएल राहुल बाकी सीनियर खिलाड़ियों से पहले इंग्लैंड आ गए। इस टाइम इंग्लैंड में इंडिया ए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेल रही है। इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट नॉर्थेम्पटन में हो रहा है।

साभार : गूगल

शुक्रवार 6 जून को इस मैच का पहला दिन था। इस मैच में केएल राहुल खेले और उन्होंने दमदार शतक मारा। ध्रुव जुरेल और करुण नायर के बल्ले से भी रन निकले, जिन्होंने पिछले मैच में भी इंडिया ए के लिए दमदार बल्लेबाजी की थी।

केएल राहुल ने 168 गेंदों में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 116 रनों की पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 87 गेंदों में 52 रन बनाए। पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले करुण नायर ने 71 गेंदों में 40 रन बनाए।

नितीश कुमार रेड्डी के बल्ले से भी रन आए। उन्होंने 57 गेंदों में 34 रनों की पारी खेली। यशस्वी जायसवाल 17 और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन 11 रन बना सके।

ईश्वरन टेस्ट टीम के लिए डेब्यू करने के अपने दावे को कमजोर कर रहे हैं। पिछले मैच में भी उन्होंने पहली पारी में रन नहीं बनाए थे। दूसरी पारी में जरूर उनके बल्ले से 68 रन आए थे। पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंडिया ए ने 83 ओवर में 7 विकेट खोकर 319 रन बनाए।

इंग्लैंड लायंस के लिए खेल रहे क्रिस वोक्स ने 3 विकेट निकाले। वहीं, जॉर्ज हिल को दो विकेट मिले। इंडिया ए का ये दौरा कई खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण था, जो टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और उनको प्लेइंग इलेवन में जगह बनानी है। शतक से केएल राहुल ने अपना दावा मजबूत कर दिया है। करुण नायर भी फिर से टेस्ट खेलने के दावेदार नजर आ रहे हैं। ध्रुव जुरेल को शायद इंतजार करना पड़ सकता है।