Trending

फ्रेंच ओपन : अल्काराज फाइनल में, चोटिल मुसेटी हुए बाहर, अब सिनर से होगा खिताबी मुकाबला

गत विजेता कार्लोस अल्काराज फ्रेंच ओपन मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में लोरेंजो मुसेटी के चौथे सेट की शुरुआत में चोट की वजह से मुकाबले से हटने से फाइनल में आ गए।

साभार : गूगल

आठवीं वरीयता प्राप्त इटली के मुसेटी ने मुकाबले से जब हटने का फैसला किया उस समय अल्काराज 4-6, 7-6, 6-0, 2-0 से आगे थे। दूसरे सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच हारे। स्पेन के दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज ने फाइनल में जगह पक्की होने के बाद कहा, ‘‘ इस तरह का मैच जीतना बहुत अच्छी बात नहीं है।

लोरेंजो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और उनके जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं। उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही फिर से कोर्ट पर देख पाऊंगा।’’ मुसेटी ने तीसरे सेट के अंत में बायीं जांघ का उपचार कराया। उन्होंने चौथे सेट की शुरूआत में भी उपचार लिया, इससे मदद नहीं मिली।

मुसेटी तीसरे सेट के 16 मिनट बाद 5-0 से पीछे थे, जब उन्होंने ट्रेनर को बुलाया। अल्काराज ने अगले गेम में मुसेटी की सर्विस तोड़कर 21 मिनट में सेट जीता। इस सेट में अल्काराज ने 29 में से 24 अंक जीते। मुसेटी कोर्ट में दौड़ लगाने में काफी परेशानी हो रही थी। उन्होंने फिर से ट्रेनर को बुलाया।

अल्काराज ने चोथे सेट में उनकी सर्विस तोड़कर 2-0 की बढ़त बनाई, जिसके बाद मुसेटी धीरे-धीरे नेट की ओर बढ़े और अल्काराज ने उन्हें गले लगाया। अल्काराज ने पहले सेट में 16 गलतियां कीं, जिसे मुसेटी ने जीता। अल्काराज ने कहा, “पहले दो सेट मुश्किल थे। जब मैंने दूसरा सेट जीता तो मुझे राहत मिली।’’

फाइनल में अल्काराज के सामने विश्व रैंकिंग के शीर्ष खिलाड़ी इटली के यानिक सिनर होंगे, क्योंकि सर्बिया के नोवाक जोकोविच की चुनौती खत्म हुई। जोकोविच को यानिक सिनर ने दूसरे सेमीफाइनल मैच में हराया। इस हार के बाद जोकोविच ने कहा है कि फ्रेंच ओपन में शायद उनका ये आखिरी मैच है, क्योंकि पता नहीं वह अगले साल इस इवेंट के लिए लौटेंगे या नहीं।