डिजिटल इंडिया मूवमेंट को मजबूती देने की बात कही प्रधानमंत्री मोदी ने : राघवेन्द्र प्रताप सिंह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने अभिभाषण में डिजिटल इंडिया मूवमेंट को मजबूत बनाने का आवाहन देशवासियों से किया । उनका कहना कि अलग अलग क्षेत्रों में डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को जितनी मजबूती मिलेगी , देश की अर्थव्यवस्था की तस्वीर भी उतनी ही तेजी से बदलेगी।
उन्होंने कहा कि ये जो डिजिटल इंडिया का मूवमेंट है, जो सेमीकंडक्टर की ओर हम कदम बढ़ा रहे हैं, 5जी की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, ऑप्टिकल फाइबर का नेटवर्क बिछा रहे हैं, ये सिर्फ आधुनिकता की पहचान है, ऐसा नहीं है। तीन बड़ी ताकतें इसके अंदर समाहित हैं। शिक्षा में आमूल-चूल क्रांति- ये डिजिटल माध्यम से आने वाली है। स्वास्थ्य सेवाओं में आमूल-चूल क्रांति डिजिटल से आने वाली है। कृषि जीवन में भी बहुत बड़ा बदलाव डिजिटल से आने वाला है। एक नया विश्व तैयार हो रहा है। भारत उसे बढ़ाने के लिए और मैं साफ देख रहा हूं दोस्तों ये दशक, मानव जाति के लिए टेक्नोलॉजी का दशक है। आईटी की दुनिया में भारत ने अपना एक लोहा मनवा लिया है।
हमारा अटल इनोवेशन मिशन, हमारे इन्क्यूबेशन सेंटर्स, हमारे स्टार्टअप एक नया, पूरे क्षेत्र का विकास कर रहे हैं, युवा पीढ़ी के लिए नए अवसर ले करके आ रहे हैं। स्पेस मिशन की बात हो, हमारे डीप ओशेन मिशन की बात हो, समंदर की गहराई में जाना हो या हमें आसमान को छूना हो, ये नए क्षेत्र हैं, जिसको ले करके हम आगे बढ़ रहे हैं।