Trending

कार्लोस अल्काराज ने रोमांचक मुकाबले में सिनर को हराकर फ्रेंच ओपन का खिताब जीता

स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने विश्व के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर को हराकर फ्रेंच ओपन का खिताब जीता। अल्काराज ने दो सेट हारने के बाद वापसी करते हुए यानिक सिनर को पांच सेट तक चले कड़े मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट का पुरुष एकल खिताब जीता।

@carlosalcaraz

अल्काराज ने तीन मैच प्वाइंट बचाते हुए शीर्ष वरीय सिनर को पांच घंटे 29 मिनट में 4-6, 6-7, 6-4, 7-6, 7-6 से हराकर इटली के खिलाड़ी के ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में लगातार 20 जीत के सफ़र को रोका। सिनर ने पिछले साल अमेरिकी ओपन और इस साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीता था और उनकी नजरें पेरिस में ग्रैंडस्लैम जीत की हैट्रिक पूरी करने पर थी।

दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी अल्काराज का यह पांचवां ग्रैंडस्लैम खिताब है जबकि सिनर के नाम तीन ग्रैंडस्लैम खिताब दर्ज हैं। अल्काराज ने कोई ग्रैंडस्लैम फाइनल नहीं गंवाया है जबकि सिनर को पहली बार ग्रैंडस्लैम के खिताबी मुकाबले में हार मिली।

अल्काराज का इस साल क्ले कोर्ट पर जीत-हार का रिकॉर्ड 22-1 हो गया है। उन्होंने 23 वर्षीय सिनर के खिालफ पांचवीं जीत सहित कुल आठवीं जीत दर्ज की। सिनर ने चार बार अल्काराज को हराया है।

अल्काराज चौथे सेट में हार की कगार पर थे लेकिन उन्होंने तीन मैच प्वाइंट बचाकर मुकाबले को निर्णायक सेट में खींचा और इसे 7-6 से जीतकर मैच और खिताब जीता। पांचवें सेट के टाईब्रेक में अल्काराज ने शानदार शुरुआत करते हुए 7-0 की बड़ी बढ़त बनाई और फिर आसानी से जीत दर्ज की।

चौथे सेट में अल्काराज 3-5 के स्कोर के बाद 0-40 से पीछे चल रहे थे लेकिन फिर उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ते हुए टाईब्रेकर में 7-6 से जीत दर्ज की। शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी सिनर ने शुरुआती दो सेट 6-4, 7-6 से जीते जबकि अल्काराज ने तीसरा सेट 6-4 से जीतकर मैच में अपनी वापसी की नींव रखी।

इससे पहले शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में इटली के जैनिक सिनर ने सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 6-4, 7-5, 7-6 (3) से हराया। सिनर तीन घंटे 16 मिनट तक चले मुकाबले में अपनी जीत पक्की की।

सिनर की जोकोविच के खिलाफ लगातार चौथी जीत थी। इसी हार के साथ जोकोविच के रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का इंतजार बढ़ गया है। सिनर 1968 में शुरू हुए ओपन युग में फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले इटली के दूसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 1976 के चैंपियन एड्रियानो पनाटा फाइनल में पहुंचे थे।