Trending

लीड्स में भारत का लक्ष्य: टेस्ट सीरीज पर कब्जा और 18 साल के सूखे का अंत

भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज में पांच मुकाबले होंगे। लीड्स में पहले टेस्ट के लिए भारत ने अपनी तैयारियां शुरू कर चुकी है। भारत ने इंग्लैंड में आखिरी बार टेस्ट सीरीज 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में जीती थी।

साभार : गूगल

भारत इस बार शुभमन गिल की अगुवाई में 18 साल के सूखे को खत्म करने के इरादे से उतरेगी। दोनों टीमों के बीच टेस्ट इतिहास में सर्वाधिक विकेट झटकने वाले गेंदबाजों की बात करें, तो इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन टॉप पर हैं। शीर्ष-5 खिलाड़ियों की सूची में चार भारतीय हैं।

टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले प्लेयर्स

जेम्स एंडरसन: इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज ने 2006 से 2024 तक भारत के खिलाफ 39 मैच खेले, जिसकी 73 पारियों में 149 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने छह बार पारी में 5 या इससे ज्यादा शिकार किए।

रविचंद्रन अश्विन: भारतीय स्पिनर ने 2012 से 2024 तक इंग्लैंड के विरुद्ध कुल 24 मुकाबलों की 45 पारियों में 114 विकेट झटके। इस दौरान आठ बार पारी में पांच या इससे ज्यादा विकेट चटकाए।

बीएस चंद्रशेखर: इस भारतीय स्पिनर ने 1964 से 1979 के बीच इंग्लैंड के खिलाफ 23 मुकाबलों की 38 पारियों में 95 विकेट हासिल किए। चंद्रशेखर इस फेहरिस्त में तीसरे पायदान पर हैं। चंद्रशेखर ‘फाइव-विकेट हॉल’ के मामले में अश्विन की बराबरी पर हैं।

अनिल कुंबले: 1990 से 2007 के बीच इस लेग स्पिनर ने इंग्लैंड के खिलाफ 19 टेस्ट खेले, जिसकी 36 पारियों में 92 विकेट झटके। इस दौरान कुंबले ने चार बार पारी में पांच या इससे ज्यादा विकेट लिए। कुंबले टेस्ट क्रिकेट में भारत से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

बिशन सिंह बेदी: 1967 से 1979 के बीच भारत के इस पूर्व स्पिनर ने इंग्लैंड के खिलाफ 22 टेस्ट खेले, जिसमें 85 विकेट चटकाए। बिशन सिंह बेदी चार बार ‘फाइव-विकेट हॉल’ के साथ कुंबले की बराबरी पर हैं।