चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के बाद भी रोहित के वनडे भविष्य पर असमंजस
रोहित शर्मा 38 वर्ष के हो चुके हैं। वह टी-20 और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा बोल चुके हैं। हिटमैन की नजर 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर है और वह चाहते हैं कि उनकी झोली में यह खिताब भी हो।

लेकिन क्या वह तब तक खेल पाएंगे? बीसीसीआई को तो उम्मीद थी कि वह चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे से रिटायर हो जाएंगे। वनडे में उनके भविष्य को लेकर चयनकर्ताओं और उनके बीच कोई चर्चा नहीं हुई है। रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप जिताकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को अलविदा कहा था।
पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के कुछ महीने बाद मई में उन्होंने टेस्ट से भी संन्यास ले लिया। अब वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को एकदिवसीय मैचों तक सीमित कर लिए हैं। इस साल चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने दो टूक कहा था कि वह वनडे खेलते रहेंगे ताकि अटकलों और अफवाहों को पंख न लगे।
फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के बाद रोहित शर्मा ने कहा था, ‘एक और बात, मैं इस फॉर्मेट से रिटायर होने नहीं जा रहा हूं। मैं बस यह सुनिश्चित करने के लिए कह रहा कि कोई अफवाह न फैले। बहुत-बहुत धन्यवाद।’
एक अंग्रेजी अखबार ने बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि बोर्ड को उम्मीद थी कि रोहित शर्मा चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे को अलविदा कह देंगे। सूत्र ने कहा, ‘साफ-साफ कहें तो हम में से कई ने सोचा था कि रोहित शर्मा चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद वनडे इंटरनेशनल से रिटायर हो जाएंगे।
ओडीआई को लेकर रोहित और चयनकर्ताओं के बीच कोई चर्चा नहीं हुई है।’ टी-20 और वनडे में रोहित शर्मा बेमिसाल हैं। उनकी गिनती वॉइट बॉल क्रिकेट के महान बल्लेबाजों और कप्तान में होती है। उनकी कप्तानी में भारत आईसीसी के पिछले तीन टूर्नामेंट्स में सिर्फ एक मैच में हारा है- वह है ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल।
पिछले दो साल में रोहित ने 2 आईसीसी चैंपियनशिप में भारत की अगुआई की है- टी-20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025। दोनों में भारत ने जीत का परचम लहराया। अब एकदिवसीय क्रिकेट में रोहित शर्मा के भविष्य पर संदेह के बादल मंडराने लगे हैं। 2027 में वर्ल्ड कप खेला जाएगा और तब उनकी उम्र 40 वर्ष हो जाएगी। क्या तब तक वह फिट रहेंगे? रोहित शर्मा का अब तक का आखिरी वनडे मुकाबला इस साल चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल रहा है।
अगर सब कुछ प्लान के हिसाब से चला तो भारत की अगली वनडे सीरीज अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ हो सकती है। अगर बांग्लादेश दौरा नहीं होता है तो अक्टूबर में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी जहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी-20 मैच की सीरीज खेली जाएगी।
कैलेंडर के मुताबिक, 2027 के वर्ल्ड कप से पहले भारत कम से कम 27 वनडे मुकाबले खेलेगा। सवाल अब भी है- क्या रोहित तब 40 की उम्र में अपनी फिटनेस बरकरार रख पाएंगे? कहीं, बीसीसीआई उन्हें कठिन फैसला लेने को न कह दे?