Trending

पाकिस्तान के तीन टी-20 सुपरस्टार्स का करियर खतरे में!

पाकिस्तानी क्रिकेट के तीन मौजूदा सुपर स्टार के टी-20 इंटरनेशनल करियर पर ग्रहण सा लगता दिख रहा है। बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी पीसीबी के टी-20 प्लान में ही नहीं हैं।

साभार : गूगल

एक पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से ये दावा किया गया है। अगर उनकी जगह लेने वाले नए खिलाड़ी खुद को स्थापित करने में कामयाब हुए तो पाकिस्तान के इन तीनों सुपर स्टार का टी-20 करियर खत्म भी हो सकता है।

एक ऑनलाइन पब्लिश रिपोर्ट में बताया है कि आगामी श्रृंखलाओं के लिए इन तीनों खिलाड़ियों के नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने हालिया टी-20 स्क्वॉड के लिए जिन नामों पर चर्चा की उनमें मोहम्मद रिजवान, बाबर आजम और शाहीन अफरीदी के नाम नदारद थे।

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान तो पहले ही टी-20 इंटरनेशनल के लिए नजरअंदाज किए जा चुके हैं। दोनों ने अपना आखिरी टी-20 पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में खेला था। शाहीन शाह अफरीदी ने पाकिस्तान सुपर लीग में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। इसलिए उन्हें पाकिस्तान के टी-20 इंटरनेशनल के सेटअप से बाहर रखना हैरान करता है।

हालांकि, पीसीबी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि समस्या अफरीदी के एटिट्यूड से है। उनके रवैये और व्यवहार की वजह से चयनकर्ता सख्त रुख के लिए मजबूर हुए हैं।

सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि चयनकर्ता पाकिस्तान के आगामी विदेश दौरों के लिए संभावित खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर रहे हैं। जुलाई में पाकिस्तान बांग्लादेश के खिलाफ 3 टी-20 मैच की सीरीज खेल सकता है। इस बीच मोहम्मद रिजवान, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और शादाब खान ने बिग बैश लीग के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।