एंगिडी को पीटरसन पर तरजीह: डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए दक्षिण अफ्रीका टीम घोषित
आस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉडर्स पर बुधवार से शुरू हो रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिये दक्षिण अफ्रीका टीम में तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर लुंगी एंगिडि को डेन पीटरसन पर तरजीह मिली।

एंगिडि ने पिछले साल अगस्त से कोई टेस्ट नहीं खेला है लेकिन अपने कैरियर में 19 टेस्ट में 55 विकेट ले चुके हैं। वह कैगिसो रबाडा और मार्को यानसेन के साथ दक्षिण अफ्रीका के तेज आक्रमण की कमान संभालेंगे।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी अंतिम एकादश का ऐलान कर दिया है। पीटरसन पिछले दो महीने में इंग्लिश काउंटी चैम्पियनशिप में मिडिलसेक्स के लिये तीन मैच खेल चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने कहा ,‘‘ यह बहुत कठिन फैसला था। हमने पिछले सत्र में डेन पीटरसन को शानदार प्रदर्शन करते देखा है। लेकिन यह हालात के मद्देनजर लिया गया फैसला है चूंकि लुंगी का रिकॉर्ड बेहतर है। हमारे पास वियान मूल्डर जैसा खिलाड़ी है जो पीटरसन की तरह ही प्रदर्शन कर सकता है।’’
दक्षिण अफ्रीका टीम : तेम्बा बावुमा (कप्तान) , एडेन माक्ररम, रियान रिकेलटन, वियान मूल्डर, ट्रिस्टल स्टब्स, डेविड बेडिंघम, काइल वेरिन्ने, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडि