Trending

डब्ल्यूटीसी फाइनल: ऑस्ट्रेलिया ने किया प्लेइंग इलेवन का ऐलान, साउथ अफ्रीका भी तैयार

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल बुधवार से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों में खिताबी जंग लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में होगी। ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है।

@ICC

आमतौर पर तीन नंबर पर उतरने वाले अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन का प्रमोशन हुआ है। वह फाइनल में उस्मान ख्वाजा के साथ ऑस्ट्रेलिया की पारी का आगाज करते हुए नजर आएंगे। वहीं, ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पीठ की सर्जरी के बाद अपना पहला टेस्ट खेलेंगे। युवा बैटर सैम कोंस्टास को जगह नहीं मिली।

ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉट बोलैंड पर तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को तरजीह दी है। वह पेस अटैक में मिचेल स्टार्क और कप्तान पैट कमिंस के साथ देंगे। कमिंस ने मीडिया से बातचीत के दौरान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए प्लेइंग इलेवन का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि चयनकर्ताओं ने ओपनर के रूप में लाबुशेन को क्यों चुना और कोंस्टास को क्यों बाहर रखा? उन्होंने कहा, ”मार्नस को लेकर हमने सोचा कि यह महज एक स्थान ऊपर है। यह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने से बहुत अलग नहीं है। उनके पास अनुभव है। उन्होंने लॉर्ड्स में और सामान्य तौर पर इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन किया है।”

मार्नस अगले महीने 31 साल के होने जा रहे हैं। कप्तान ने आगे कहा, “बैटिंग की शुरुआत करना मुश्किल हो सकता है लेकिन कभी-कभी यह बल्लेबाजी करने का सबसे अच्छा समय भी हो सकता है, इससे पहले कि ड्यूक्स की गेंद वास्तव में स्विंग करना शुरू करे। वहां स्कोर करने का अवसर है।”

कमिंस ने कहा कि कोंस्टास टीम में शामिल न होने से निराश हैं लेकिन 19 वर्षीय खिलाड़ी का भविष्य उज्ज्वल है। कमिंस ने कहा, “वह काफी युवा है। उसके सामने एक लंबा करियर है।

इसलिए उम्मीद है कि न खेलकर भी हम उसे सीखने के अवसर दिखा सकते हैं।” बता दें कि कमिंस के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में भारत को हराकर डब्ल्यूटीसी का खिताब जीता था। बता दें कि साउथ अफ्रीका ने भी फाइनल के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है।

ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग इलेवन: उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड