ब्राजील 2026 विश्व कप में, विनिशियस के गोल ने एंसेलोट्टी को दिलाई दोहरी खुशी
विनिशियस जूनियर के गोल से ब्राजील ने पराग्वे को 1 . 0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल 2026 में जगह बनाई और कोच कार्लो एंसेलोट्टी के लिये ब्राजील में पदार्पण के साथ मिली जीत की खुशी दुगुनी हो गई। रीयाल मैड्रिड के विनिशियस ने मैच में एकमात्र गोल दागा।

कोलंबिया से 1 . 1 से ड्रॉ खेलने वाली गत विजेता अर्जेंटीना ने भी अगले साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले फुटबॉल के महासमर में जगह पक्की की। ब्राजील अंकतालिका में अर्जेंटीना से दस अंक पीछे दूसरे स्थान पर रहा।
दक्षिण अमेरिकी क्वालीफाइंग दौर के दो मैच बाकी हैं। दक्षिण अमेरिका से शीर्ष छह टीमों को 48 टीमों के विश्व कप में जगह मिलेगी। ब्राजील सातवें नंबर की टीम से छह से अधिक अंक से आगे है। चिली को बोलिविया ने 2 . 0 से हराया जिससे वह तीसरी बार विश्व कप से बाहर रहेगा। उरूग्वे ने वेनेजुएला को 2 . 0 से हराया और उसके 24 अंक हो गए हैं।
वेनेजुएला के 18 और बोलिविया के 19 अंक है और सातवें स्थान के लिये दोनों में होड़ है, उस टीम को अंतर महाद्वीपीय प्लेआफ खेलने का मौका मिलेगा।
लियोनेल मेस्सी की अर्जेंटीना को ब्यूनस आयर्स में हुए मुकाबले में कोलंबिया ने ड्रॉ पर रोका। लुईस डियाज ने कोलंबिया के लिये 24वें मिनट में पहला गोल दागा। जूलियन अल्वारेज ने 81वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। एंजो फर्नांडिस को 70वें मिनट में लाल कार्ड दिखाये जाने से स्टेडियम में जमा 80000 से अधिक दर्शकों को निराशा हुई।