इंग्लैंड-वेस्टइंडीज सीरीज के बाद टी-20 रैंकिंग में बड़ा बदलाव
आईसीसी ने बुधवार, 11 जून को इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के बाद ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में सबसे बड़ा फायदा इंग्लैंड के स्टार स्पिनर आदिल रशिद को हुआ है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 4 विकेट लेने वाले रशिद दो पायदान की छलांग लगाकर दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके और टॉप पर बैठे न्यूजीलैंड के जैकब डफी के बीच अब मात्र 13 रेटिंग्स का ही अंतर रह गया है। भारत के नजरिए से देखें तो वरुण चक्रवर्ती 706 रेटिंग्स के साथ तीसरे पायदान पर बरकरार है।
वहीं बैटिंग में तिलक वर्मा को बैठे-बिठाए फायदा मिला है, और पूर्व नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को नुकसान हुआ है। आईसीसी की ताजा टी-20 रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव 1 पायदान खिसककर टॉप-5 से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने उन्हें 6ठे नंबर पर खिसका दिया है।
बटलर 772 रेटिंग्स के साथ अब पांचवें और सूर्या 739 रेटिंग्स के साथ 6ठे पायदान पर हैं। वहीं फिल सॉल्ट को 1 पायदान का नुकसान होने का फायदा भारत के तिलक वर्मा को मिला है। तिलक अब 804 रेटिंग्स के साथ टॉप-3 बल्लेबाजों में ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा के साथ शामिल हो गए हैं।
वहीं सॉल्ट 791 रेटिंग्स के साथ चौथे नंबर पर खिसक गए हैं। बैटिंग रैंकिंग में वेस्टइंडीज के शे होप और इंग्लैंड के बेन डकेट को भी जबरदस्त फायदा हुआ है।
सीरीज में 97 रन बनाने वाले होप 14 पायदान की छलांग लगाकर 15वें तो डकेट 48 पायदान ऊपर 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंड्स की रैंकिंग में ज्यादा फर्क नहीं पड़ा है। भारत के हार्दिक पांड्या सर्वाधिक 252 रेटिंग्स के साथ पहले पायदान पर बने हुए हैं। वहीं लियाम लिविंगस्टोन 3 पायदान के नुकसान के साथ 6ठे नंबर पर खिसक गए हैं।