Trending

रबाडा का कहर: बुमराह का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा

साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल मुकाबले की पहली पारी में कहर बरपाया। बुधवार 11 जून को लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 5 विकेट निकाले। इसी दौरान कगिसो रबाडा ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के एक वर्ल्ड रिकॉर्ड का कबाड़ा कर दिया।

साभार : गूगल

रबाडा टेस्ट क्रिकेट में सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट रखने वाले गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने रेड बॉल क्रिकेट में 200 या इससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। अब तक जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट में कम से कम 200 विकेट निकालकर सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट रखने वाले गेंदबाज थे, लेकिन इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को बुमराह से रबाडा ने छीन लिया है।

हालांकि, जब बुमराह को टेस्ट में गेंदबाजी करने का मौका मिलेगा तो वे फिर से इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट में इस समय बेस्ट स्ट्राइक रेट अगर किसी बॉलर का है तो वे कगिसो रबाडा हैं।

उनका स्ट्राइक रेट 39.1 का है, जबकि जसप्रीत बुमराह का स्ट्राइक रेट 42 का है। डेल स्टेन 42.3 के साथ तीसरे, 43.4 के साथ वकार यूनिस चौथे, 46.3 के साथ पैट कमिंस पांचवें और मैलकम मार्शल 46.7 के साथ छठे नंबर पर हैं।

टेस्ट क्रिकेट में बेस्ट बॉलिंग स्ट्राइक रेट (न्यूनतम 200 विकेट)

39.1 – कगिसो रबाडा

42.0 – जसप्रीत बुमराह

42.3 – डेल स्टेन

43.4 – वकार यूनुस

46.3 – पैट कमिंस

46.7 – मैल्कम मार्शल

ज्यादातर क्रिकेट फैंस यही जानते हैं कि सिर्फ बैटिंग में स्ट्राइक रेट होता है, जिसका कैलकुलेशन होता है कि आपने कितनी गेंदों में कितने रन बनाए, लेकिन गेंदबाजी में भी स्ट्राइक रेट होता है।

गेंदबाजी में स्ट्राइक रेट का कैलकुलेशन ऐसे होता है कि आपने कितनी गेंदें फेंकने के बाद विकेट लिया। इस केस में देखा जाए तो कगिसो रबाडा ने बुमराह से कम गेंद फेंककर विकेट लिए हैं। ये टेस्ट का उनका स्ट्राइक रेट का औसत है। बुमराह 7 ओवर में एक विकेट निकालते हैं, जबकि रबाडा उनसे कुछ गेंद कम फेंककर विकेट निकालते हैं।