Trending

एफआईएच प्रो लीग : भारत को अर्जेंटीना से 1-2 से मिली हार, जुगराज का नाटकीय पेनल्टी गोल रद्द

भारत का आखिरी मिनटों में पेनल्टी पर दागा गोल नाटकीय हालातों में खारिज कर दिया गया और जुगराज सिंह गोल करने में विफल रहे जिससे टीम को एफआईएच प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में अर्जेंटीना से 1-2 से हार मिली। भारत की इस दौरे पर यह चार मैचों में चौथी हार है।

@TheHockeyIndia

ड्रैग फ्लिकर जुगराज ने चौथे मिनट में ही मैच के पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को बढ़त दिलाई लेकिन टॉमस डोमेने (नौवें और 49वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल करके अर्जेंटीना को जीत दिलाई।

चौथे और अंतिम क्वार्टर में 1-2 से पिछड़ने के बाद भारत को अंतिम हूटर से दो मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक मिला और जुगराज ने गेंद को अर्जेंटीना के गोल पोस्ट के अंदर डाल दिया।

अर्जेंटीना ने इस आधार पर वीडियो रेफरल मांगा कि स्ट्रोक लेते समय जुगराज का बायां पैर गेंद से काफी आगे था। वीडियो अंपायर ने अर्जेंटीना के पक्ष में फैसला सुनाया लेकिन भारत की अगुवाई कर रहे कप्तान हार्दिक सिंह ने रेफरी से यह जांचने के लिए कहा कि क्या जुगराज के स्ट्रोक लेने से पहले अर्जेंटीना के गोलकीपर टॉमस सैंटियागो गोल-लाइन से आगे थे।

इस बार भारत को वीडियो अंपायर से अनुकूल फैसला मिला। जुगराज को स्ट्रोक फिर से लेने की अनुमति दी गई, लेकिन इस बार सैंटियागो ने उनके शॉट को बचा लिया। नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह उंगली की चोट के कारण बाहर है ऐसे में हार्दिक ने भारत की अगुआई की।

अर्जेंटीना को आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि भारत को सिर्फ तीन मिले। भारत को इससे पहले बुधवार को इसी प्रतिद्वंद्वी से 3-4 से हारी थी। भारत प्रो लीग के इस यूरोपीय चरण के दौरान ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से 1-2 और 2-3 से हार गया था। भारत का अगला मैच शनिवार को मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है।