आकाश चोपड़ा भी हुए पैट कमिंस के मुरीद, बुमराह से बेहतर बताकर की तारीफ
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के दूसरे दिन मैच को अपनी टीम की तरफ मोड़ने में अहम भूमिका निभाई। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी कंगारू टीम 212 रन बोर्ड पर ला पाई। ऐसे में कप्तान को गेंदबाजों के साथ मिलकर मेहनत करनी थी।

पैट कमिंस खुद आगे आए और 6 विकेट चटकाकर साउथ अफ्रीका को 138 के स्कोर पर ऑलआउट कर दिया। कमिंस ने अपने इस 6 विकेट हॉल के साथ कई रिकॉर्ड तोड़े। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बने। पैट कमिंस की इस परफॉर्मेंस ने आकाश चोपड़ा को खूब इंप्रेस किया।
उन्होंने कहा कि कमिंस जसप्रीत बुमराह से आगे निकल गए हैं। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने पहले सत्र में अच्छा खेला, लेकिन उसके बाद पैट कमिंस आए। उन्होंने छह विकेट चटकाए। क्या गेंदबाज है। वह शायद थोड़ा कम मशहूर है क्योंकि उसके साथ मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड हैं।
हालांकि, कप्तान पैट कमिंस और गेंदबाज पैट कमिंस सुपरस्टार हैं। उन्होंने इस डब्ल्यूटीसी चक्र में सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट भी लिए हैं। वह जसप्रीत बुमराह से आगे निकल गए हैं।” बता दें, पैट कमिंस के नाम अब डब्ल्यूटीसी 2025 में 6 पांच विकेट हॉल के साथ सर्वाधिक 79 विकेट हो गए हैं।
उन्होंने इस लिस्ट में जसप्रीत बुमराह को पछाड़ा है जिन्होंने कुल 78 विकेट चटकाए थे। कमिंस के आगे अभी एक और पारी शेष है, ऐसे में वह इन नंबर्स में और इजाफा कर सकते हैं। बात मुकाबले की करें तो, दूसरे दिन के अंत तक ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट पर 144 रन बना चुकी है। कंगारुओं के पास 218 रनों की लीड है।