महान स्टेफी ग्राफ का शानदार करियर और व्यक्तिगत जीवन
स्टेफी ग्राफ का नाम टेनिस जगत में काफी सम्मान के साथ लिया जाता है। 14 जून 1969 को जन्मी इस खिलाड़ी के नाम 22 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। उन्होंने अपने खेल से दौलत, शोहरत और फैन फॉलोइंग हासिल की है। जब टेनिस कोर्ट पर स्टेफी ग्राफ रहती थीं, फैंस अक्सर कुछ ऐसा कर देते, जो सभी का ध्यान खींच लेता।

घटना 1993 का है। यह वो समय था, जब युवा स्टेफी ग्राफ के लिए मोनिका सेलेस मुश्किल चुनौती बनती दिखाई दे रही थीं। 30 अप्रैल को एक मैच के दौरान स्टेफी ग्राफ के एक सिरफिरे फैन ने मोनिका सेलेस की पीठ में छुरा घोंप दिया, जिसकी वजह से मोनिका को काफी समय तक टेनिस कोर्ट से दूर रहना पड़ा।
इस हमले ने मोनिका के करियर के ग्राफ को तेजी से नीचे ला दिया और वह कभी पुराने फॉर्म में वापस नहीं लौटीं। फैंस के बीच स्टेफी ग्राफ की लोकप्रियता इस कदर थी कि 1995 में विंबलडन मैच के दौरान एक फैन ने उन्हें प्रपोज तक कर दिया था। उस टाइम स्टेफी सर्व करने के लिए तैयार थीं कि इसी बीच एक फैन ने उन्हें प्रपोज करते हुए कहा- “स्टेफी विल यू मैरी मी?” फैन की आवाज पूरे कोर्ट में गूंज गई, जिसे सुनकर स्टेफी मुस्कराने लगीं।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा- “हाउ मच मनी डू यू हैव?” अपनी तीव्रता, गति और शक्तिशाली फोरहैंड के लिए लोकप्रिय स्टेफी ग्राफ 1990 के दशक तक दुनिया की प्रमुख खिलाड़ियों में थीं।
उन्होंने फ्रेंच ओपन (1987-88, 1993, 1995-96 और 1999), ऑस्ट्रेलियन ओपन (1988-90 और 1994) और यूएस ओपन (1988-89, 1993 और 1995-96) में कई एकल खिताब जीत लिए थे, 1999 में विंबलडन के फाइनल में हारने के बाद अपनी चोट से परेशान स्टेफी ग्राफ ने 16 साल के अपने टेनिस को अलविदा कह दिया। 2001 में स्टेफी ग्राफ ने टेनिस स्टार आंद्रे अगासी से शादी कर ली। इस कपल के दो बच्चे हैं।