भारतीय कोच गौतम गंभीर निजी कारणों के चलते इंग्लैंड से लौटे
भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर 20 जून से खेले जाने वाली टेस्ट सीरीज से कुछ दिन पहले इंग्लैंड से भारत लौट आए हैं। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज होगी।

शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंग्लैंड के खिलाफ खेलने उतरेगी। सीरीज शुरू होने से एक सप्ताह पहले गौतम गंभीर भारत लौट गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर को अपनी मां के दिल का दौरा पड़ने के कारण स्वदेश लौटना पड़ा।
भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर की मां सीमा गंभीर को 11 जून को दिल का दौरा पड़ा। जिसके कारण पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को इंग्लैंड दौरे को बीच में ही छोड़कर लौटना पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर 17 जून तक टीम से दोबारा जुड़ सकते हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से पहला टेस्ट लीड्स में शुरू होगा।
भारतीय टीम पिछले सप्ताह इंग्लैंड पहुंची थी, जहां टीम ने आगामी सीरीज के लिए तैयारी भी शुरू कर दी थी। यह सीरीज 2025-27 आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र का हिस्सा है। रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद शुभमन गिल को टीम का कप्तान और ऋषभ पंत को उप-कप्तान बनाया गया है।
तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के नाम वाली इस सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से शुरू होगा, दूसरा टेस्ट दो से छह जुलाई तक खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट 10 से 14 जुलाई तक, चौथा 23 से 27 जुलाई तक और पांचवां तथा अंतिम टेस्ट 31 जुलाई से चार अगस्त तक खेला जाएगा।