Trending

आईएसएसएफ विश्व कप : सुरुचि सिंह का लगातार तीसरी बार स्वर्णिम निशाना

भारतीय निशानेबाज सुरुचि सिंह ने शुक्रवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में जीत के साथ आईएसएसएफ विश्व कप की इस स्पर्धा में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता। अपने तीसरे विश्व कप में भाग ले रही इस खिलाड़ी ने व्यक्तिगत स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की तथा कुल मिलाकर चौथा पदक जीता। 

@issf_official

उन्होंने अप्रैल में ब्यूनस आयर्स और लीमा विश्व कप में स्वर्ण जीते थे। सुरुचि ने फाइनल में 241.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की कांस्य पदक विजेता कियानक्सुन याओ (221.7) को पछाड़ने के तुरंत बाद सुरुचि ने 10.5 अंक के साथ बढ़त मिली, जबकि फ्रांस की रजत विजेता कैमिली जेड्रेजेवस्की (241.7) सिर्फ 9.5 अंक का ही निशाना साध पायी।

अंतिम प्रयास में 9.5 का स्कोर भारतीय खिलाड़ी के लिए शीर्ष पुरस्कार हासिल करने के लिए काफी था, क्योंकि जेड्रेजेवस्की ने 9.8 का ही स्कोर किया था।

सुरुचि क्वालीफिकेशन में 588 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर 574 अंक के साथ 25वें स्थान पर रहीं। फाइनल के दौरान कमेंट्री कर रहीं भाकर ने अपनी हमवतन के स्वर्ण पदक जीतने पर खुशी जाहिर की।