Trending

पटौदी ट्रॉफी का नाम बदलने पर विवाद : बीसीसीआई ने ईसीबी से की यह अपील

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड द्वारा पटौदी ट्रॉफी को रिटायर करने और आगामी इंग्लैंड बनाम भारत पांच मैचों की टेस्ट मैच सीरीज का नाम बदलकर ‘एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी’ रखने के फैसले को दुनिया भर में मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। बीसीसीआई से इसके लिए कोई इजाजत नहीं ली गई।

साभार : गूगल

बोर्ड के एक अधिकारी ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया कि ईसीबी ही तय करता है कि वे अपनी सीरीज का नाम किस पर रखना चाहते हैं। बीसीसीआई की इसमें कोई भूमिका नहीं है। हालांकि, पूर्व भारतीय कप्तान मंसूर अली खान पटौदी की विरासत को जीवित रखने के लिए अब बीसीसीआई ने ईसीबी से अनुरोध किया है।

बीसीसीआई ने कहा है कि वह आगामी टेस्ट मैच सीरीज में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए अपने पुरस्कारों में से एक का नाम पटौदी पर रखे। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने को बताया, “ईसीबी ही तय करता है कि वे अपनी सीरीज का नाम किस पर रखना चाहते हैं।

बीसीसीआई की इसमें कोई भूमिका नहीं है, क्योंकि यह उनकी घरेलू सीरीज है। हमने उनसे मैच के बाद की ट्रॉफी में से एक का नाम पटौदी पर रखने का अनुरोध किया है और वे हमें जवाब देंगे।” बता दें, ईसीबी ने हाल ही में कई सीरीज के नाम बदले हैं।

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड पटौदी ट्रॉफी से पहले ईसीबी ने क्रिकेट वेस्टइंडीज के साथ मिलकर 1963 में स्थापित विजडन ट्रॉफी का नाम बदलकर 2020 से रिचर्ड्स-बॉथम ट्रॉफी कर दिया है, जो दो महान खिलाड़ियों विव रिचर्ड्स और इयान बॉथम के सम्मान में दोनों टीमों के बीच खेली जाती है।

इसी तरह, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज क्रो-थोर्प ट्रॉफी के लिए होती है जिसका नाम मार्टिन क्रो और ग्राहम थोरपे के नाम पर रखा गया है। ईसीबी ने बिना कोई आधिकारिक कारण बताए पटौदी के नाम को हटाने का फैसला किया था। हालांकि, उन्होंने इस साल अप्रैल में पटौदी के बेटे और जाने-माने अभिनेता सैफ अली खान को इस बारे में सूचित कर दिया था।

भारत इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा जो 20 जून से हेडिंग्ले, लीड्स में शुरू होने वाली है। पटौदी ट्रॉफी साल 2007 में शुरू हुई थी, जिसे 1932 में खेले गए पहले टेस्ट की 75वीं वर्षगांठ के रूप में मनाया गया था।

21 साल की उम्र में पटौदी सबसे कम उम्र के भारतीय टेस्ट कप्तान बन गए थे। उनके पिता इफ्तिखार अली खान इंग्लैंड और भारत दोनों के लिए खेले थे।

हालांकि ईसीबी ने अभी तक अपनी सीरीज का नाम आधिकारिक नहीं किया है, लेकिन पता चला है कि उन्होंने एंडरसन और तेंदुलकर को इसके बारे में सूचित कर दिया है और दोनों पहले टेस्ट से पहले ट्रॉफी का अनावरण करने के लिए तैयार हैं।