स्मिथ की चोट से ऑस्ट्रेलिया की बढ़ी मुश्किल, फाइनल में हार का खतरा
दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में चोटिल हो गए। उनकी दाईं छोटी उंगली में चोट लगी। उन्होंने लॉर्ड्स में मैच के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा के बल्ले का किनारा लेकर निकली गेंद को पकड़ने की कोशिश में लेकिन घायल हो गए।

वह उस वक्त पहली स्लिप में फील्डिंग कर रहे थे। स्मिथ की चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें अस्पताल तक ले जाना पड़ा। उनके स्थान पर सैम कॉन्स्टास सब्स्टिट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर उतरे। स्मिथ उंगली में फ्रैक्चर के कारणफाइनल से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया शनिवार को हार की दहलीज पर खड़ी है।
दक्षिण अफ्रीका को 27 साल में पहली आईसीसी ट्रॉफी जीतने के लिए 69 रनों की जरूरत है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में कहा, ”स्टीव स्मिथ को लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल के दौरान स्लिप कॉर्डन में फील्डिंग करते समय दाहिनी छोटी उंगली में कम्पाउंड डिस्लोकेशन का सामना करना पड़ा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के मेडिकल स्टाफ ने मैदान पर उन्हें देखा और एक्स-रे और आगे के उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।” बता दें कि फाइनल में कई मौके पर गेंद स्लिप में खड़े क्षेत्ररक्षक तक पहुंचने से पहले ही टप्पा खा जा रही थी। स्मिथ ऐसे में हेलमेट पहनकर विकेट से महज 14 मीटर की दूरी पर खड़े थे।
मिचेल स्टार्क की 138 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शॉर्ट गेंद फेंकी जो बावुमा के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए तेजी से स्मिथ के पास पहुंची। गेंद उनके हाथ से टकरा कर छटक गई और वह बुरी तरह दर्द में कराहते हुए दिखे। उन्होंने पहली पारी में 66 और दूसरी पारी में 13 रनों का योगदान दिया था।
दक्षिण अफ्रीका 282 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है। सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम (नाबाद 102) की शतकीय पारी और तीसरे विकेट के लिए कप्तान तेम्बा बावुमा (नाबाद 65) के साथ 143 रन की अटूट साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका ने फाइनल में दो विकेट पर 213 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर रखी है।