सरफराज खान का शतक : इंग्लैंड में भारत ए के लिए धमाकेदार प्रदर्शन
सरफराज खान ने इंग्लैंड में अपनी बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए शनिवार को बेकेनहैम में जारी इंट्रा-स्क्वाड वार्म-अप मैच के दूसरे दिन भारत ए के लिए मुख्य भारतीय टेस्ट टीम के खिलाफ धमाकेदार शतक जड़ा।

इस खिलाड़ी ने 76 गेंदों में 101 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जसप्रीत बुमराह ने अपने सात ओवर के स्पेल में एक भी विकेट नहीं चटका पाए। रिपोर्ट के अनुसार भारत ए ने दूसरे दिन भारत के 459 रनों के जवाब में 299/6 बोर्ड पर लगाए, जिसमें ईशान किशन 45 और शार्दुल ठाकुर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। सरफराज खान ने अपने इस विस्फोटक शतक में 15 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए।
अंत में उन्हें रिटायर्ड आउट कर दिया गया, ताकि अन्य खिलाड़ियों को मौका मिल सके। सरफराज के हालिया शतक ने इंग्लैंड की परिस्थितियों में उनकी बढ़ती प्रतिष्ठा में इजाफा किया है, इसी के साथ उन्होंने 20 जून से शुरू हो रही 5 मैच की सीरीज में शामिल होने की दावेदारी ठोकी है।
इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एक अनाधिकारिक टेस्ट मैच में 92 रन बनाए थे। बता दें, सरफराज का नाम टीम इंडिया के मुख्य स्क्वॉड में नहीं है। इंडिया ए की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ खाता भी नहीं खोल पाए, वह मात्र दो रन बनाकर आउट हुए।
उन्हें मोहम्मद सिराज ने नई गेंद से अपना शिकार बनाया और विकेट के पीछे ऋषभ पंत ने शानदार कैच पकड़ा। हालांकि अभिमन्यु ईश्वरन (39) और साई सुदर्शन (38) – जो आगामी टेस्ट टीम का हिस्सा हैं उन्होंने कुछ स्थिरता प्रदान की।
भारतीय गेंदबाजों में सिराज (2/86) और प्रसिद्ध कृष्णा (2/41) ने 2-2 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया जबकि नितीश कुमार रेड्डी को एक विकेट मिला।
हालांकि, भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह प्रभाव छोड़ने में विफल रहे, उन्होंने अपने सात ओवरों में 36 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। अर्शदीप सिंह (12 ओवरों में 0/52) भी विकेट के बिना खाली हाथ लौटे। बता दें, पहले दिन भारत के लिए शुभमन गिल और केएल राहुल ने अर्धशतकीय पारी खेली थी।