Trending

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का यूरोप में शानदार प्रदर्शन : अजेय अभियान जारी

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने यूरोप दौरे में अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया। मेजबान बेल्जियम को तीन मैच हराने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का मैच मुश्किल माना जा रहा था।

@TheHockeyIndia

ऑस्ट्रेलिया पर जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने अपनी मजबूती का एहसास कराया और बताया कि बेल्जियम के खिलाफ जीत कोई तुक्का नहीं थी। भारतीय महिला जूनियर टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस दिन जीत दर्ज की है, जिस दिन पुरुष और महिला सीनियर टीम को इसी टीम के खिलाफ 2-3 से हारी।

ऑस्ट्रेलिया की जोसी लॉटन ने पांचवें मिनट में गोल कर बढ़त बनाई। यह गोल पेनल्टी कॉर्नर से हुआ। भारतीय टीम ने तीन मिनट बाद इसका जवाब दिया। नंदिनी ने आठवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए ही गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पहले क्वार्टर के अंत में भारत की उप कप्तान हिना बानो ने 14वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाकर गोल किया और टीम को 2-1 से आगे कर दिया।

शेष तीन क्वार्टर में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। भारतीय टीम ने अपनी रक्षात्मक क्षमता को मजबूत बनाए रखी और निर्धारित समय सीमा में ऑस्ट्रेलिया को गोल का मौका न देते हुए एक शानदार जीत हासिल की। यह दौरे पर भारत की लगातार चौथी जीत है।

इससे पहले भारत ने लगातार तीन मैच बेल्जियम के खिलाफ जीते थे। भारतीय टीम 17 जून को इस दौरे का अपना आखिरी मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी। इस मैच में जीत के साथ भारतीय टीम अपने दौरे का समापन यादगार तरीके से करना चाहेगी।