आईपीएल जश्न के बाद भगदड़: बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला, 15 दिनों में आएंगे नए दिशानिर्देश
बीसीसीआई ने शीर्ष पदाधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है. जो दिशानिर्देश तैयार करेगी, भविष्य में बेंगलुरु भगदड़ जैसी घटनाओं से बचा जा सके.

बीसीसीआई ने मीडिया को दिए बयान में कहा, ‘शीर्ष परिषद ने अहमदाबाद और बेंगलुरु में हुई दुखद घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त किया जिसके कारण दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से निर्दोष लोगों की जान चली गई’.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा पहला आईपीएल जीतने के एक दिन बाद बेंगलुरु में भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हुई. बीसीसीआई ने कहा, ‘बेंगलुरू में जीत के जश्न के दौरान हुई घटना के मद्देनजर शीर्ष परिषद ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से व्यापक दिशानिर्देश तैयार करने के लिए एक समिति गठित करने का फैसला किया है.
समिति में देवजीत सैकिया (अध्यक्ष), प्रभतेज सिंह भाटिया और राजीव शुक्ला होंगे. समिति 15 दिनों के अंदर दिशानिर्देश तैयार करेगी’. इसमें बताया गया है कि शीर्ष परिषद ने अंपायरों के विकास की देखरेख और उनके मैदान पर प्रदर्शन को बढ़ाने के लिए पांच ‘अंपायर कोच’ वाला एक कार्य समूह स्थापित करने का संकल्प लिया है.
बयान में बताया गया, ‘इन पांच ‘अंपायर कोच’ के पास अंतरराष्ट्रीय अंपायरिंग का अनुभव होना चाहिए और उन्हें पूर्व अंपायर के रूप में काम करना चाहिए. बोर्ड ने तीन (3) पूर्व मैच रेफरी से मिलकर एक कार्य समूह बनाने का भी फैसला किया है. यह कार्य समूह मैच रेफरी के विकास की निगरानी करने और उन्हें क्रिकेट मैचों में अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के अवसर प्रदान करने के लिए जिम्मेदार होगा’.
एपेक्स काउंसिल ने 2026 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की आगामी व्हाइट-बॉल घरेलू श्रृंखला के लिए स्थानों की पुष्टि की है. बीसीसीआई घरेलू सत्र 2025-26 को मंजूरी मिल गई है. 2025-26 घरेलू मैच दुलीप ट्रॉफी (28 अगस्त, 2025) से शुरू होगा और सीनियर महिला इंटर-जोनल मल्टी-डे ट्रॉफी (3 अप्रैल, 2026) के साथ खत्म होगा.
दुलीप ट्रॉफी और सीनियर महिला चैलेंजर टूर्नामेंट अब क्षेत्रीय चयनकर्ताओं द्वारा चुनी गई छह क्षेत्रीय टीमों के बीच होंगे. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में अब पारंपरिक नॉकआउट के बजाय सुपर लीग चरण शामिल होगा.
विजय हजारे ट्रॉफी, सीनियर महिला वन डे ट्रॉफी और पुरुष अंडर 23 स्टेट ए ट्रॉफी जैसे प्रमुख टूर्नामेंट चार एलीट ग्रुप और एक प्लेट ग्रुप मॉडल के प्रारूप का पालन करेंगे. अधिकांश जूनियर और महिला टूर्नामेंट (अंडर 16, अंडर 19, अंडर 23) पांच एलीट प्लस एक प्लेट ग्रुप संरचना में चले गए हैं.