गंभीर की अनुपस्थिति में लक्ष्मण बनेंगे टीम इंडिया के मार्गदर्शक
भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर इंग्लैंड से भारत आ गए हैं, उनकी मां की तबीयत खराब हो गई थी। उनको दिल का दौरा पड़ा था। ऐसे में वह अपनी मां की देखभाल और इलाज के लिए भारत आ गए।

ऐसे में बोला जा रहा था कि भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे की तैयारियों को झटका लगेगा, लेकिन ऐसा बीसीसीआई होने नहीं देगी। यही कारण है कि भारत की तैयारियों में जान डालने के लिए वीवीएस लक्ष्मण उपलब्ध होंगे और वे तब तक टीम के साथ रहेंगे, जब तक गौतम गंभीर की वापसी नहीं हो जाती।
20 जून से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है और गौतम गंभीर के 17 या 18 जून को इंग्लैंड लौटने की योजना है। इस दौरान टीम के मुख्य कोच के उपलब्ध नहीं रहने पर वीवीएस लक्ष्मण टीम को टेस्ट सीरीज के लिए तैयार करेंगे।
रिपोर्ट की मानें तो नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हेड वीवीएस लक्ष्मण इस समय लंदन में हैं, क्योंकि अंडर 19 टीम भी इंग्लैंड से भिड़ने वाली है। लक्ष्मण ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम इंडिया का मार्गदर्शन किया था। उस सीरीज को भारत ने जीता भी था, क्योंकि मुख्य टीम को टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाना था।
गौतम गंभीर का भारत लौटना टीम इंडिया की तैयारियों को झटका इसलिए बताया जा रहा था, क्योंकि इस दौरे पर सीनियर खिलाड़ी रिटायरमेंट के चलते उपलब्ध नहीं हैं, जबकि इस सीरीज से शुभमन गिल पहली बार कप्तानी करने वाले हैं।
ऋषभ पंत उपकप्तान होंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली के अलावा आर अश्विन रिटायरमेंट टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं। जसप्रीत बुमराह के सभी मैचों में खेलने की उम्मीद नहीं है। एक नई नवेली टीम इंग्लैंड के दौरे पर है। शुभमन गिल एंड कंपनी पर इस सीरीज में दबाव जरूर होगा।