Trending
चैंपियंस लीग के बाद पीएसजी का विजय रथ जारी
चैंपियंस लीग में पहली बार विजेता बनने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज पेरिस सेंट जर्मेन ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए एटलेटिको मैड्रिड पर 4-0 की जीत के साथ क्लब विश्व कप फुटबॉल में अपने अभियान का जोरदार आगाज किया।

पीएसजी ने 31 मई को इंटर मिलान को 5-0 से हराकर पहला चैंपियंस लीग खिताब जीतने के बाद अपने पहले मैच में एटलेटिको पर काफी हद तक दबदबा बनाया।
विश्व कप 1994 फाइनल के स्थल रोज बाउल में 80,619 दर्शकों के सामने यूरोप की इन दो दिग्गज टीमों के बीच हुए मैच में पीएसजी से फैबियान रुइज़ और विटिना ने पहले हाफ जबकि सेनी मायुलु और ली कांग इन ने दूसरे हाफ में गोल किए।
एटलेटिको के क्लेमेंट लेंगलेट को 78वें मिनट में दूसरा पीला कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेजा। एटलेटिको को मैच के आखिरी चरण में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।