वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को हराकर जीती टी20 सीरीज
वेस्टइंडीज ने टी20 में दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया और आयरलैंड को 62 रन से हराकर बारिश से प्रभावित तीन मैचों की श्रृंखला 1-0 से जीती। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एविन लुईस (44 गेंदों में 91 रन) और कप्तान शाई होप (27 गेंदों में 51 रन) के बीच पहले विकेट के लिए 10.3 ओवर में 122 रन की साझेदारी की मदद से पांच विकेट पर 256 रन बनाए।

वेस्टइंडीज ने कुल 20 छक्के लगाए। लुईस ने आठ जबकि होप और कीसी कार्टी ने चार-चार छक्के लगाए। कार्टी ने 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन का योगदान दिया। जवाब में आयरलैंड सात विकेट पर 194 रन ही बना पाया। उसकी तरफ से रॉस अडायर (36 गेंदों में 48 रन) और हैरी टेक्टर (25 गेंदों में 38 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की।
पहला और दूसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। दोनों टीमों ने मई में डबलिन में तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 1-1 से बराबर की थी। इसके बाद इंग्लैंड ने एकदिवसीय और टी20 श्रृंखला दोनों में वेस्टइंडीज को 3-0 के समान अंतर से हराकर क्लीन स्वीप किया था।