‘यह बेकार रणनीति होगी,’ रवि शास्त्री ने बुमराह को आराम देने की बात पर टीम इंडिया को घेरा
पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री का कहना है कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह को रेस्ट देना शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की बेकार रणनीति होगी।

पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत पहला मैच हार चुका है और इस सीरीज से पहले ही तय हो गया था कि वर्कलोड के कारण जसप्रीत बुमराह पांच में से तीन मैच खेलेंगे। ऐसे में दूसरे टेस्ट से बुमराह बाहर बैठ सकते हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा है कि अगर बुमराह बाहर बैठे तो भारत 2-0 से पिछड़ जाएगा। रवि शास्त्री ने कहा, “बुमराह ने कहा कि वह तीन टेस्ट मैच खेलेंगे। अब, वह तीनों में से कौन सा खेलेंगे, यह एक और सवाल है जिसे पूछा जाना चाहिए।
मुझे लगता है कि अगर वह ब्रेक लेते हैं, तो यह अगला मैच होगा, क्योंकि वह निश्चित रूप से लॉर्ड्स में खेलना चाहेंगे, है ना? और एक ब्रेक है और फिर आप लॉर्ड्स में जाते हैं, फिर एक ब्रेक है और फिर मैनचेस्टर और उसी के बीच यह एक विकल्प है। 2-0 से आप पिछड़ सकते हैं। यही समस्या है। मुझे लगता है कि उन्हें खेलना होगा।”
रवि शास्त्री ने यह भी कहा कि भारत को दूसरे मैच में वापसी करनी होगी। उन्होंने इसके पीछे का कारण बताते हुए कहा कि भारत ने न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पिछली दो टेस्ट सीरीज गंवाई हैं।
रवि शास्त्री ने कहा, “यह काम कठिन होगा, क्योंकि मैं अभी कमेंट्री बॉक्स में उसे बता रहा था कि हम न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से हारे, ऑस्ट्रेलिया में भी सीरीज हार गए और अब यह एक कठिन सीरीज है।
आपके पास यहां एक कदम आगे जाने का मौका था। आप जानते हैं कि इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण में समस्याएं हैं। उनके खिलाड़ी चोटिल हैं और आपने इस मौके को बर्बाद कर दिया। हालांकि, अभी भी इसे पकड़ने का समय है।”