जडेजा पर ऋषभ पंत की मजेदार ‘ट्रोलिंग’: टी-20 विश्व कप जीत की पहली सालगिरह का जश्न
कल यानी 29 जून को टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीते हुए पूरा एक साल हो गया है। ऐसे में इंग्लैंड दौरे पर मौजूद भारतीय खिलाड़ियों ने केक काट इसका जश्न मनाया। इस दौरान ऋषभ पंत ने टीम के हरफनमौला रवींद्र जडेजा को ट्रोल किया।

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद जडेजा ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले ली थी। जडेजा के साथ-साथ विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था।
कोहली और रोहित तो टेस्ट से भी रिटायरमेंट ले चुके हैं, जिस वजह से वह इंग्लैंड दौरे पर नहीं है। जडेजा वहां मौजूद थे तो पंत ने उन्हें ट्रोल करने की कोशिश की। हालांकि जडेजा ने कहा कि वह अभी एक फॉर्मेट से रिटायर हुए हैं। बीसीसीआई ने टीम इंडिया की इस केक पार्टी का वीडियो X पर पोस्ट किया है।
वीडियो में देखने को मिल रहा है कि पहले कोई भी खिलाड़ी केक काटने के लिए आगे नहीं आ रहा था। अर्शदीप ने आगे की ओर कदम बढ़ाए तो आवाज आई कि जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द सीरीज थे, तो ऐसे में अर्शदीप सिंह पीछे हो गए और बुमराह ने सिराज के साथ केक कटिंग की।
इसके बाद सभी खिलाड़ी एक दूसरे को केक खिलाने लगे। वीडियो में आगे जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत रवींद्र जडेजा को यह ‘हैप्पी रिटायरमेंट’ कहकर केक खिलाते नजर आ रहे हैं क्योंकि उनके रिटायरमेंट को भी एक साल हो गया है। यहां जडेजा सफाई देते नजर आ रहे हैं उन्होंने अभी सिर्फ एक ही फॉर्मेट से संन्यास लिया है।
इंग्लैंड दौरे पर भारत का दूसरा टेस्ट मैच 2 जुलाई से है। पांच सीरीज का पहला मुकाबला हारकर भारत 0-1 से पिछड़ रहा है। दूसरा टेस्ट एजबेस्टन में खेला जाना है।
यहां टीम इंडिया की नजरें जीत दर्ज कर सीरीज में बराबरी करने पर होगी। हालांकि इसके लिए उन्हें इतिहास रचना होगा। दरअसल, भारत ने यहां 1967 में पहला टेस्ट खेला था, तब से लेकर भारत यहां एक भी मैच नहीं जीत पाया है। ऐसे में टीम इंडिया के सामने एजबेस्टन में इंग्लैंड की बराबरी करना मुश्किल होगा।