प्लेऑफ में पहुंची टेक्सास सुपर किंग्स, फाफ डु प्लेसिस का शानदार शतक
मेजर लीग क्रिकेट-2025 के 21वें मैच में टेक्सास सुपर किंग्स जीती। टीम ने एमआई न्यूयॉर्क को 39 रन से हराया। साथ ही टीम इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है। यह सीजन में टेक्सास सुपर किंग्स की पांचवीं जीत रही। टीम ने सात में से पांच मुकाबले जीते।

वहीं, सीजन की छठी हार के बाद एमआई न्यूयॉर्क प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। इस टीम के लिए यहां से प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स ने चार विकेट पर 223 रन बनाए।
फाफ डु प्लेसिस ने सैतेजा मुक्कामल्ला (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने मार्कस स्टोइनिस (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। टेक्सास सुपर किंग्स 140 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद डु प्लेसिस ने डोनोवन फेरीरा के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन जोड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
डोनोवन फेरीरा ने 20 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों से 53 रन की पारी खेली, जबकि डु प्लेसिस 53 गेंदों में 103 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें नौ छक्के और पांच चौके थे। विपक्षी टीम से रुशिल उगरकर और जॉर्ज लिंडे को दो-दो सफलता हाथ लगी।
जवाब में एमआई न्यूयॉर्क निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। टीम 75 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा चुकी थी। यहां से किरोन पोलार्ड ने माइकल ब्रेसवेल (26) के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 रन जोड़े।
किरोन पोलार्ड ने 39 गेंदों में पांच छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 70 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी टीम से अकील हुसैन ने तीन विकेट झटके, जबकि नांद्रे बर्गर और मार्कस स्टोइनिस को दो-दो सफलता हाथ लगी।