Trending

हैप्पी बर्थडे हरभजन सिंह : ‘टर्बनेटर’ का वो तूफानी सफर, जिसने क्रिकेट में गाड़े कई झंडे

भारतीय क्रिकेट के महान गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हरभजन सिंह का क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मेट में गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी कमाल देखने को मिला है। हरभजन सिंह का जन्म 3 जुलाई 1980 को हुआ था, जिसमें उन्हें टर्बनेटर के नाम से भी वर्ल्ड क्रिकेट में पहचाना जाता है।

साभार : गूगल

इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 1998 में डेब्यू करने वाले हरभजन सिंह ने कई ऐसे रिकॉर्ड भी बनाए जिन्हें आज तक तोड़ पाना आसान नहीं रहा।

हरभजन का जलवा सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में ही नहीं वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल में भी देखने को मिला। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच साल 2001 में हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हरभजन सिंह के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुई जहां से वह महान गेंदबाज बनने की राह में आगे बढ़े।

हरभजन सिंह ने इस सीरीज में कुल 32 विकेट अपने नाम किए थे, इसके अलावा वह इस सीरीज में कोलकाता में खेले गए टेस्ट मैच में हैट्रिक लेने में भी कामयाब हुए थे। हरभजन सिंह भारत की तरफ से टेस्ट फॉर्मेट में हैट्रिक लेने का कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं। टीम इंडिया ने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था।

हरभजन सिंह का आईपीएल में भी गेंद के साथ बल्ले से भी जबरदस्त रिकॉर्ड देखने को मिलता है। साल 2015 में खेले गए आईपीएल सीजन में हरभजन सिंह ने किंग्स इलेवन पंजाब जिसे अब पंजाब किंग्स के नाम से पहचाना जाता है उसके खिलाफ मैच में जे सुचित के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की थी।

आईपीएल के इतिहास में अब तक 7वें विकेट के लिए ये सबसे बड़ी साझेदारी है। हरभजन के बल्ले से कुल 64 रन इस पारी में देखने को मिले थे, लेकिन वह अपनी टीम मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके थे। साल 1998 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले हरभजन सिंह को तीनों ही फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला।

हरभजन सिंह ने 103 टेस्ट मैचों में खेलते हुए 32.46 के औसत से कुल 417 विकेट अपने नाम किए, जिसमें वह 25 बार पारी में 5 विकेट भी लेने में कामयाब रहे। वहीं इसके अलावा बल्लेबाजी में हरभजन ने 18.22 के औसत से 2224 रन बनाए हैं, इसमें 2 शतकीय और 9 अर्धशतकीय पारी भी शामिल है।

वहीं वनडे में हरभजन सिंह ने 236 मैचों में खेलते हुए 33.35 के औसत से कुल 269 विकेट हासिल किए तो वहीं 3 बार पारी में 5 विकेट लेने में भी कामयाब रहे।

हरभजन सिंह के नाम वनडे में कुल 1237 रन भी दर्ज हैं। टी20 इंटरनेशनल में हरभजन को कुल 28 मैच ही खेलने का मौका मिला और इसमें उन्होंने 25.32 के औसत से 25 विकेट हासिल किए। आईपीएल में हरभजन ने 163 मैचों में खेलते हुए जहां 150 विकेट हासिल किए तो वहीं 833 रन भी बनाने में कामयाब रहे।