नोवाक जोकोविच ने विंबलडन में रचा इतिहास : 100 जीत के साथ तीसरे खिलाड़ी बने
विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के इतिहास में नोवाक जोकोविच 100 जीत हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बने।
तीसरे दौर में सर्बिया के हम वतन खिलाड़ी मिओमिर केकमानोविच पर 6-3, 6-0, 6-4 से जीत के साथ उन्होंने ये रिकॉर्ड बनाया। उनसे पहले मार्टिना नवरातिलोवा और रोजर फेडरर इस मुकाम पर पहुंचे थे।

उन्होंने अपने 24 ग्रैंड स्लैम खिताबों में से सात ऑल इंग्लैंड क्लब में जीते हैं। उन्होंने शनिवार को केकमानोविच के खिलाफ सेंटर कोर्ट पर पहले सेट में 3-3 के स्कोर से नौ गेम जीतकर आसानी से अगले दौर में जगह बनाई।
कोर्ट पर दिए साक्षात्कार में जोकोविच ने कहा, ‘‘मैं अपने पसंदीदा टूर्नामेंट में जो भी इतिहास बनाऊंगा, उसके लिए मैं आभारी हूं।’’ अपना 20वां विंबलडन खेल रहे जोकोविच का अगला मैच 11वें नंबर के एलेक्स डी मिनाउर से होगा। महिला वर्ग में नौ बार विंबलडन एकल चैंपियन रहीं नवरातिलोवा ने 120 एकल जबकि पुरुष वर्ग में आठ बार के चैंपियन फेडरर ने 105 एकल मैच में जीत दर्ज कीं।