Trending

लॉर्ड्स टेस्ट : इंग्लैंड की तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच की मांग, आर्चर की वापसी तय

भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड टीम को करारी हार मिली। भारत ने दूसरा टेस्ट 336 रनों से जीता और सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली।

साभार : गूगल

बर्मिंघम में मिली इस हार से आहत इंग्लैंड ने 10 जुलाई से लंदन के लॉर्ड्स में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए तेज गेंदबाजों की मददगार पिच की मांग की है। इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी लगभग तय है, जबकिगस एटकिंसन की भी टीम में वापसी हुई है।

आर्चर लंबे समय तक कोहनी और पीठ की चोटों से उबरने के बाद टेस्ट में वापसी के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट फरवरी 2021 में खेला था। एटकिंसन हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) की समस्या के कारण दूसरे टेस्ट से चूक गए थे। उनकी वापसी से टीम को तेज गेंदबाजी आक्रमण के मजबूत होने की उम्मीद है।

इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैकुलम ने कहा कि वह एमसीसी के मुख्य ग्राउंड्समैन कार्ल मैक्डरमॉट से ‘थोड़ी अधिक गति, उछाल और स्विंग’ वाली पिच चाहते हैं।

उन्होंने पिछले महीने के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का हवाला दिया, जहां पैट कमिंस और कगिसो रबाडा गेंद को स्विंग करने में सफल रहे थे। मैकुलम ने एक क्रिकेट साइट से कहा, ‘‘यह किसी भी तरह से एक ब्लॉकबस्टर होगा। मुझे लगता है कि अगर पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिली तो यह एक शानदार मैच होगा।’’

इंग्लैंड ने इससे पहले अपनी आक्रामक खेल शैली के अनुकूल सपाट पिचों को प्राथमिकता दी थी। टीम को लीड्स में अधिक उछाल वाली पिच पर खेले गये पहले टेस्ट में पांच विकेट से जीत मिली, तो वहीं एजबेस्टन की ‘उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों’ में उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

आर्चर ने दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के साथ अभ्यास किया। मैकुलम ने कहा, ‘‘वह निश्चित रूप से चयन के लिए उपलब्ध होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे तेज गेंदबाजों ने दो टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है।’’ एटकिंसन को भी लॉर्ड्स के लिए टीम में शामिल किया गया है। मैकुलम ने कहा, ‘‘हमें एटकिंसन के चोट से उबरने पर नजर रखने की जरूरत है।