Trending

आईएसएसएफ विश्व कप : भवतेग सिंह गिल और मैराज अहमद खान स्कीट फाइनल की दौड़ में

आईएसएसएफ विश्व कप (शॉटगन) में पुरुषों की स्कीट प्रतियोगिता के फाइनल में भारतीय निशानेबाज भवतेग सिंह गिल ने दूसरे दिन 25 के दो परफेक्ट राउंड बनाकर खुद को मैराज अहमद खान के साथ जगह बनाने की दौड़ में बनाए रखा। पहले चार क्वालीफाइंग राउंड के बाद इन दोनों का स्कोर 98 है।

साभार : गूगल

दो क्वालीफाइंग राउंड खेले जाने बाकी हैं। महिलाओं की स्कीट में गनेमत सेखों भी 24-24 राउंड के साथ फाइनल में पहुंचने की मजबूत दावेदार बनी हुई है। उनका स्कोर 96 रहा और वह आठवें स्थान पर हैं। गनेमत ने सोमवार को ट्रैप कॉनकेवर्डे में अपने क्वालीफाइंग राउंड की शुरुआत 10वें स्थान से की।

निर्धारित दो राउंड में वह एक-एक निशाना चूक गईं, जिससे दूसरे दिन के अंत में वह आठवें स्थान पर पहुंच गईं। छह निशानेबाज फाइनल में जगह बनाएंगे। प्रतियोगिता में भाग ले रही दो अन्य भारतीय ओलंपियन माहेश्वरी चौहान और राइजा ढिल्लों क्रमश: 96 और 93 के स्कोर के साथ 27वें और 28वें स्थान पर हैं।

अमेरिका की डानिया जो विज्जी 98 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। पुरुषों की स्कीट में भवतेग ने चार में से तीन राउंड में 25 का परफेक्ट स्कोर बनाया और उन्होंने अभी अस्थायी रूप से 12वां स्थान हासिल किया है।

ओलंपियन मैराज (24, 25, 24, 25) ने पहले दिन से अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी है और वह 176 खिलाड़ियों में 15वें स्थान पर हैं। भारत के एक अन्य निशानेबाज पेरिस ओलंपियन अनंत जीत सिंह नरुका (24, 24, 24, 23) 95 अंकों के साथ फाइनल की दौड़ से बाहर दिख रहे थे। महिला और पुरुष दोनों वर्गों के फाइनल से पहले मंगलवार को अंतिम क्वालीफाइंग राउंड खेला जाएगा।