Trending

विंबलडन : टेलर फ्रिट्ज ने पहले सेमीफाइनल में प्रवेश किया, अल्काराज भी अंतिम चार में

अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज ने पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बनाई। फ्रिट्ज ने मंगलवार 8 जुलाई को विंबलडन 2025 के क्वार्टर फाइनल में कारेन खाचानोव को हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट के अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की।

साभार : गूगल

पांचवीं वरीयता प्राप्त फ्रिट्ज को मैच के बीच में पैर के दर्द से निपटने के लिए ट्रेनर से उपचार लेना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसके बाद शानदार वापसी करते हुए 6-3, 6-4, 1-6, 7-6 से जीत दर्ज की।

यूएस ओपन उपविजेता फ्रिट्ज के सामने सेमीफाइनल में स्पेन के दो बार के गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज होंगे, जिन्होंने ब्रिटेन के गैर-वरीयता प्राप्त कैम नॉरी को क्वार्टर फाइनल में हराया है।

फ्रिट्ज मैच की शुरुआती दो सेट में 17वीं रैंकिंग के खिलाड़ी के खिलाफ दबदबा कायम करते हुए 47 में से 40 सर्विस अंक भुनाने में सफल रहे। खाचानोव ने अच्छी वापसी करते हुए अगले नौ में आठ अंक अपने नाम किये। फ्रिट्ज ने इसी समय मेडिकल टाइम आउट लिया। उनके ट्रेनर को इस दौरान दायें पैर का इलाज करते देखा गया।

चौथे सेट में 0-2 से पिछड़ने के बाद फ्रिट्ज ने अपने प्रदर्शन के स्तर को ऊंचा करते हुए 5-4 और 6-5 की बढ़त बनायी लेकिन खाचानोव इस सेट को टाई-ब्रेकर में खींचने में सफल रहे। टाई-ब्रेकर में स्कोर एक समय 4-4 की बराबरी पर था। फ्रिट्ज ने अगले तीन अंक भुना कर मुकाबला जीत लिया।

वहीं, अगर बात दिन के दूसरे क्वार्टर फाइनल की करें तो कार्लोस अल्काराज ने 6-2, 6-3 और 6-3 से हराकर फिर से सेमीफाइनल में जगह बनाई।

विंबलडन 2025 के सेमीफाइनल में अब टेलर फ्रिट्ज के सामने कार्लोस अल्काराज होंगे। वहीं, अन्य दो क्वार्टर फाइनल आज यानी बुधवार 9 जुलाई को खेले जाने हैं, जिनमें नोवाक जोकोविच भी कोर्ट में होंगे। उनको इटली के फ़्लावियो कोबोली से भिड़ना है।