ब्रूक फिर बने टेस्ट के बादशाह, गिल टॉप-10 में शामिल
आईसीसी ने बुधवार को टेस्ट प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी की है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक फिर से नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने हमवतन जो रूट से बादशाहत छीनी है।

ब्रूक के खाते में फिलहाल 886 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने एजबेस्टन में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 158 रनों की पारी खेली थी। रूट दूसरे पायदान पर आ गए हैं। उनके 868 अंक हैं। वह एजबेस्टन में बल्ले से छाप नहीं छोड़ सके थे।
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने टॉप-10 में एंट्री मारी है। वह 15 स्थान ऊपर चढ़कर छठे पर पहुंच गए हैं। यह गिल के टेस्ट करियर की बेस्ट रैंकिंग है। उनके 807 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने एजबेस्टन में भारत की 336 रनों से ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
गिल ने पहली पारी में दोहरा शतक (269) ठोका जबकि दूसरी पारी में सेंचुरी (161) लगाई। बता दें कि भारत ने एजबेस्टन में पहली बार टेस्ट जीता। गिल नंबर-1 बैटर ब्रूक से 79 रेटिंग अंक पीछे हैं। रैंकिंग में गिल से आगे रूट के अलावा न्यूजीलैंड के केन विलियमसन (867 अंक, तीसरे), भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल (858 अंक, चौथे) और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ (807 अंक, पांचवें) हैं। टॉप-10 बल्लेबाजों में सिर्फ दो भारतीय हैं।
विकेटकीपर ऋषभ पंत (790 अंक) संयुक्त रूप से सातवें नंबर पर हैं। इंग्लैंड के विकेटकीपर जेमी स्मिथ को भी फायदा हुआ है और उन्होंने अपने करियर की नई सर्वोच्च रेटिंग हासिल की। वह दूसरे टेस्ट में नाबाद 184 और 88 रन की पारी खेलने के बाद 16 स्थान के सुधार के साथ 10वें पर पहुंच गए।
दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ने तगड़ी छलांग लगाई है। वह 34 स्थान चढ़कर 22वें पर आ गए हैं। उन्होंने बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नाबाद 367 रन की पारी खेली थी। मुल्डर के पास ब्रायन लारा (नाबाद 400) का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर का रिकार्ड तोड़ने का मौका था लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने 626/5 पर पारी घोषित कर दी। वह बतौर कप्तान डेब्यू टेस्ट में तिहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के इकलौते प्लेयर हैं।
भारत के अनुभवी रविंद्र जडेजा (391 अंक) ऑलराउंडर्स की सूची में टॉप पर बरकरार हैं। उन्होंने एजबेस्टन में 89 और नाबाद 69 रनों की पारी खेने के अलावा एक विकेट लिया था।
भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज हैं। उनके खाते में 898 अंक हैं। बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में आराम दिया गया था। भारतीय पेसर मोहम्मद सिराज इंग्लैंड के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के बाद छह पायदान की छलांग लगाकर 22वें स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने एजबेस्टन में 7 विकेट चटकाए थे।