Trending

शुभमन गिल बनाम जोफ्रा आर्चर: लॉर्ड्स में कांटे की टक्कर के लिए तैयार

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच गुरुवार से लॉर्ड्स में होगा। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। इंग्लैंड ने पहला मैच 5 विकेट से जीता था, तो वहीं भारत ने एजबेस्टन में खेले गए दूसरे मैच में 336 रनों से जीत हासिल करके दमदार वापसी की।

साभार : गूगल 

इन दोनों मैचों में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने बल्ले से कमाल करके दिखाया। वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। हालांकि स्टुअर्ट ब्रॉड और जोस बटलर का मानना है कि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर तीसरे मैच में शुभमन गिल के लिए खतरा बन सकते हैं।

आर्चर के खिलाफ टेस्ट में गिल के आंकड़े अच्छे नहीं है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल जारी सीरीज के शुरुआती दो मैचों में ही तीन शतक लगा चुके हैं। उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में दोहरा शतक भी ठोका है।

इंग्लैंड के गेंदबाज गिल को बड़ी मुश्किल से आउट कर पा रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैचों की चार पारियों में 146.25 के औसत से 585 रन बनाए हैं। ब्रॉड और बटलर ने आगामी टेस्ट में आर्चर के संभावित प्रभाव पर चर्चा की। ब्रॉड ने कहा, ”वह बस शानदार फॉर्म में थे।

ऐसा नहीं लग रहा था कि उन्हें कुछ दिक्कत हो सकती है। उनसे कुछ गलत नहीं किया। शायद थोड़ा बदकिस्मत रहे। विराट कोहली के संन्यास लेने के बाद से, वह नंबर चार पर आ गए हैं और शतक, एक बड़ा दोहरा शतक, एक बड़ा 150 रन बना चुके हैं – बस कमाल है। ऐसा लगता है कि उनकी कोई कमजोरी नहीं है।”

जोस बटलर ने कहा, ”मुझे लगता है कि जो गेंद पिच होने के बाद अंदर आती है और बोल्ड होते हैं, अब भी उसका विकल्प है। ज़ाहिर है, जोफ्रा आर्चर लॉर्ड्स में टीम में वापसी करेंगे, मुझे लगता है, ऐसा नहीं है कि मैं टीम चुन रहा हूं, लेकिन उन्होंने आईपीएल में शुभमन को बोल्ड किया था लेकिन इसके अलावा, वह एक बहुत ही बेहतरीन खिलाड़ी हैं।

भारत तकनीकी रूप से कई बेहतरीन खिलाड़ी तैयार करता है।” जोफ्रा आर्चर को बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच से पहले स्क्वॉड में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी।

आर्चर चार साल बाद खेल के सबसे लंबे प्रारूप में खेलने के लिए उतरेंगे। उन्होंने ससेक्स के लिए एक मैच खेला है। टेस्ट में गिल ने तीन पारियों में आर्चर का सामना किया है। जिसमें उन्होंने 18 रन बनाए हैं और दो बार शिकार हुए हैं। आर्चर की स्पीड भी भारतीय बल्लेबाजों के लिए खतरा बन सकती है। वह मौजूदा समय में इंग्लैंड के सबसे तेज गेंदबाज में से एक हैं।