जोकोविच का विंबलडन में रिकॉर्ड 14वां सेमीफाइनल, अब सिनर से होगा मुकाबला
नोवाक जोकोविच ने पहला सेट हारने के बाद शानदार वापसी करके पुरुष एकल में रिकॉर्ड 14वीं बार विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बनाई जहां उनकी टक्कर विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर से होगी।

25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की कवायद में लगे जोकोविच ने क्वार्टर फाइनल में विश्व के 22वें नंबर के खिलाड़ी फ्लेवियो कोबोली को 6-7 (6), 6-2, 7-5, 6-4 से हराया। इस जीत के साथ जोकोविच ने ओपन एरा में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल (52) खेलने के मामले में क्रिस एवर्ट की बराबरी कर ली है।
साथ ही उन्होंने विंबलडन में सबसे ज्यादा सेमीफाइनल (14) खेलने का अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। इससे पहले तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन सिनर ने शानदार सर्विस और तेज फोरहैंड का इस्तेमाल करते हुए 10वीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन को 7-6 (2), 6-4, 6-4 से हराया।
जोकोविच को सिनर से पिछले चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा लेकिन विंबलडन में उन्होंने इटली के इस खिलाड़ी के खिलाफ जो दो मैच खेले हैं उनमें उन्होंने जीत हासिल की है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बात को अच्छी तरह से जानता हूं कि इस समय यानिक को हराने के लिए मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।’’
महिला एकल में इगा स्वियाटेक ने 19वीं वरीयता प्राप्त लियुडमिला सैमसोनोवा पर 6-2, 7-5 से जीत के साथ पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। स्वियाटेक फाइनल में जगह बनाने के लिए गैर-वरीयता प्राप्त बेलिंडा बेनसिच से भिड़ेंगी जिन्होंने सातवीं वरीय मीरा एंड्रीवा को 7-6 (3), 7-6 (2) से हराया।