2007 विश्व कप का वो मैच जब स्कॉट स्टायरिस ने लगाया न्यूजीलैंड का सबसे धीमा वनडे शतक
न्यूजीलैंड क्रिकेट की बेहतरीन टीमों में से एक मानी जाती है। इसके चलते टीम में शामिल ऑलराउंडर्स रहे हैं। कीवी टीम में हर दौर में अच्छे ऑलराउंडर्स रहे हैं, जो अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाते रहे हैं। इन्हीं ऑलराउंडर्स में से एक नाम स्कॉट स्टायरिस का है।

स्टायरिस 2000 में आईसीसी नॉकआउट टूर्नामेंट जीतने वाली न्यूजीलैंड टीम के सदस्य रहे हैं। स्कॉट स्टायरिस को उनकी बढ़िया बल्लेबाजी और मीडियम पेस गेंदबाजी के लिए जाना जाता है। अपने करियर में उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर कई मैच न्यूजीलैंड को जीताए हैं।
एक ऐसा मैच भी था, जिसमें स्टायरिस ने काफी धीमी बल्लेबाजी की थी। उस पारी में उन्होंने शतक लगाया था लेकिन वह न्यूजीलैंड से वनडे में सबसे धीमा शतक साबित हुआ। इस मैच में न्यूजीलैंड को हार मिली थी। 2007 वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच मैच खेला जा रहा था। कीवी टीम ने चार रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए स्टायरिस कुछ ज्यादा ही डिफेंसिव हो गए।
स्टायरिस ने 152 गेंद पर शतक लगाया। यह न सिर्फ उनका बल्कि न्यूजीलैंड की तरफ से वनडे का सबसे धीमा शतक है। उस पारी में स्टायरिस ने 157 गेंद पर 8 चौको की मदद से 111 रन की पारी खेली। स्टायरिस की धीमी पारी की वजह से कीवी टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 219 रन बना सकी।
श्रीलंका ने 45.1 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। इस मैच को छोड़ दिया जाए तो स्टायरिस की लोकप्रियता एक विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में रही है।
उनका जन्म 10 जुलाई 1975 को ब्रिसबेन, ऑस्ट्रेलिया में हुआ था। न्यूजीलैंड के लिए उन्होंने 1999 में वनडे में डेब्यू किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 2011 में समाप्त हुआ।
स्कॉट स्टायरिस ने 29 टेस्ट में 5 शतक और 6 अर्धशतक से 1586, 188 वनडे में 4 शतक और 28 अर्धशतक लगाते हुए 4483 और 31 टी20 में 578 रन बनाए। वह दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज भी थे। उनके नाम टेस्ट में 20, वनडे में 137 और टी20 में 18 विकेट हैं। वह आईपीएल में भी खेल चुके हैं। संन्यास के बाद स्टायरिस कमेंट्री में व्यस्त रहते हैं।