Trending

जो रूट का ऐतिहासिक शतक : टेस्ट में राहुल द्रविड़ को पछाड़ बनाया नया कीर्तिमान

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने शुक्रवार को भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान शतक जड़ दिया है। जो रूट का ये 37वां टेस्ट शतक है।

साभार : गूगल

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर हो रहे मुकाबले में जो रूट ने 191 गेंदों में 100 रन पूरे किए। जो रूट अपनी पारी में 10 चौके लगा चुके हैं। साथ ही इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।

उन्होंने भारत के दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा। जो रूट ने तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन जसप्रीत बुमराह के ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया।

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर जो रूट का ये आठवां शतक है। जो रूट ने 60 पारियों में भारत के खिलाफ 11 शतक लगाए हैं, जोकि स्टीव स्मिथ के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है। स्टीव स्मिथ ने 46 पारियों में 11 शतक जड़े हैं। टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम है।

उन्होंने 200 मैचों में 51 शतक जड़े हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कालिस है, उन्होंने 166 मैचों में 45 शतक मारे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने 168 मैचों में 41 शतक ठोके हैं। श्रीलंका के कुमार संगकारा ने 134 मैचों में 38 शतक जड़े हैं। और इस लिस्ट में जो रूट का नाम भी जुड़ गया है। वह सबसे टेस्ट ज्यादा शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। जो रूट ने 156 मैचों में 37 शतक लगाए हैं।