लॉर्ड्स में रूट ने रचा इतिहास : 37वें टेस्ट शतक के साथ टॉप 5 में शामिल
लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने अपने करियर का 37वां शतक मारा है। गुरुवार को पहले दिन वह 99 रन पर नाबाद थे। शुक्रवार को दूसरे दिन उन्होंने बुमराह की गेंद पर चौका मारकर शतक पूरा किया। वह सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों में हैं।

सचिन तेंदुलकर – टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 200 टेस्ट की 329 पारियों में 51 शतक जड़े हैं।
जैक्स कैलिस – सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने के मामले में महान ऑलराउंडर दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 166 टेस्ट की 280 पारियों में 45 शतक जड़े हैं।
रिकी पोन्टिंग – ऑस्ट्रेलियाई रिकी पोन्टिंग लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अपने करियर में 168 टेस्ट की 287 पारियों में 41 शतक बनाए।
कुमार संगकारा – श्रीलंका के कुमार संगकारा ने अपने करियर में 134 टेस्ट की 233 पारियों में 38 शतक जड़े थे। वह सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने के मामले में चौथे नंबर पर हैं।
जो रूट – इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में 37वां शतक जड़ा। पहले दिन 99 रन पर नाबाद रहे रूट ने दूसरे दिन बुमराह की गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया।
यह भारत के खिलाफ उनका 11वां शतक है। वह शतक बनाने के बाद टिक नहीं सके और बुमराह की गेंद पर ही 104 रन बनाकर आउट हुए। इस शतक के साथ ही वह अपने समकालीन ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पछाड़कर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों में शुमार हो गए।
स्टीव स्मिथ – पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने 118 टेस्ट की 210 पारियों में 36 शतक लगाए हैं। भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के भी 36 टेस्ट शतक हैं लेकिन उन्होंने 164 टेस्ट की 286 पारियां खेली हैं। सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले टॉप 6 और टॉप 10 बल्लेबाजों में स्मिथ के अलावा सिर्फ जो रूट ही हैं जो अभी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं, रिटायर नहीं हुए हैं।