तीरंदाजी विश्व कप : ज्योति और परनीत सेमीफाइनल में, भारत को दो पदकों की उम्मीद
ज्योति सुरेखा वेन्नम और परनीत कौर ने तीरंदाजी विश्व कप चौथे चरण में कंपाउंड महिला एकल के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहीं, मिश्रित टीम कांस्य पदक की दौड़ में है।

मौजूदा एशियाई खेल चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त ज्योति ने तुर्की की हजल बुरुन को 147-144 से हराया, जबकि सातवीं वरीयता प्राप्त परनीत ने तुर्की की ओनुर क्यूर गिरडी को 142-141 से हराकर अंतिम चार में पहुंची।
दोनों तीरंदाज सेमीफाइनल में अलग-अलग प्रतिद्वंद्वियों का सामना करेंगी, जिससे भारत को महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में दो पदक हासिल करने का मौका होगा।
पुरुष कंपाउंड तीरंदाजों ने व्यक्तिगत वर्ग में निराश किया। शीर्ष वरीयता प्राप्त ऋषभ यादव दूसरे दौर में बाहर हो गए। उन्हें इटली के माइकिया गोडानो से 141-143 से हार मिली।
अमन सैनी और प्रियांश का अभियान जल्दी खत्म हो गया। क्वालीफाइंग वर्ग में 1431 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड कायम करने वाली ज्योति और यादव की शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी मिश्रित टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।
भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में 12वीं वरीयता प्राप्त नीदरलैंड की जोड़ी से 155-152 से हार मिली। भारतीय जोड़ी शनिवार को कांस्य पदक के लिए अल सल्वाडोर का सामना करेगी।