बुमराह की घातक गेंदबाजी, राहुल का अर्धशतक, इंग्लैंड से 242 रन पीछे भारत
जसप्रीत बुमराह की बेहतरीन गेंदबाजी ने जहां इंग्लैंड को पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने से रोका, केएल राहुल ने अर्धशतक लगाकर भारतीय पारी को संभाले रखा।

इंग्लैंड ने पहली पारी में 387 रन बनाए थे। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में तीन विकेट पर 145 रन बनाए हैं और वह इंग्लैंड से 242 रन पीछे है।
स्टंप्स के समय केएल राहुल 53 रन और ऋषभ पंत 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इंग्लैंड से क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट मिला है। इंग्लैंड को ऑलआउट करने के बाद भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने यशस्वी जायसवाल का विकेट जल्द गंवाया जो आठ गेंदों पर तीन चौकों से 13 रन बनाकर आउट हुए।
यशस्वी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन जोफ्रा आर्चर की गेंद पर हैरी ब्रूक को कैच थमा बैठे। केएल राहुल ने करुण नायर के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। इसे बेन स्टोक्स ने करुण को आउट कर तोड़ा।
करुण अच्छी लय में थे, लेकिन 62 गेंदों पर चार चौकों से 40 रन बनाकर आउट हो गए। इंग्लैंड को शुभमन गिल के रूप में तीसरी मिली। क्रिस वोक्स ने शुभमन गिल को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया।
पिछले टेस्ट में दोहरा शतक और शतक लगाने वाले कप्तान गिल तीसरे टेस्ट की पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और 16 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए राहत की बात यह रही कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे।
पंत पहले दिन विकेटकीपिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे और मैदान से बाहर चले गए थे। उन्होंने दूसरे दिन विकेटकीपिंग नहीं की थी और उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे जिम्मा संभाला था। बल्लेबाजी के लिए पंत उतरे जिससे उनकी चोट को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा।
इंग्लैंड के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने शतकीय और जैमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने दूसरे दिन चार विकेट पर 251 रन से आगे खेलना शुरू किया। जो रूट 99 और बेन स्टोक्स ने 39 रन से आगे पारी बढ़ाई।
रूट ने दिन के खेल की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक पूरा किया। रूट का लॉर्ड्स मैदान पर यह तीसरा शतक है। वह तीसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने लॉर्ड्स में लगातार तीन शतक लगाए हैं। रूट के टेस्ट करियर का यह 37वां सैकड़ा है और वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए।
रूट शतक लगाने के बाद ज्यादा देर टिक नहीं सके और जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर उनकी पारी का अंत किया। रूट 199 गेंदों पर 10 चौकों से 104 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे दिन इंग्लैंड की शुरुआत खराब हुई। बुमराह ने पहले सत्र में तीन विकेट झटके। उन्होंने बेन स्टोक्स (44), जो रूट (104) और क्रिस वोक्स (0) को पवेलियन की राह दिखाई।
इसके बाद मोर्चा जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स ने संभाला। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई जिसे मोहम्मद सिराज ने तोड़ा। उन्होंने जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया, जो 56 गेंदों में 51 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बुमराह ने जोफ्रा आर्चर के रूप में इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। वह सिर्फ चार रन बना पाए।
बुमराह ने इस तरह पारी में पांच विकेट लिए। बुमराह भारत के 15वें गेंदबाज हैं जिन्होंने लॉर्ड्स में पांच या इससे अधिक विकेट लिए हैं। वहीं, बुमराह विदेशी धरती पर सर्वाधिक बार फाइव-फर लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। बुमराह विदेशी धरती पर शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं और उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर भी यह जारी रखा है।
बुमराह ने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में फाइव-फर लिया था और अब तीसरे टेस्ट में भी वह ऐसा करने में सफल रहे। बुमराह विदेश में सबसे ज्यादा बार पांच या इससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है।
बुमराह ने 13वीं बार विदेश में टेस्ट मैच में फाइव-फर लिया है, जबकि कपिल ने 12 बार ऐसा किया था। भारत के खिलाफ पहली पारी में ब्रायडन कार्स अपना पहला अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उन्होंने 83 गेंदों में छह चौके और एक छक्के से 56 रन बनाए। उन्हें सिराज ने बोल्ड किया।
शोएब बशीर एक रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले मुकाबले के शुरुआती दिन जैक क्राउली ने 18, बेन डकेट ने 23, ओली पोप ने 44 रन बनाए थे। वहीं, भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने एक विकेट हासिल किया।