Trending

सिनर ने जोकोविच को हराकर विंबलडन फाइनल में जगह बनाई

जैनिक सिनर ने शुक्रवार को विंबलडन के सेमीफाइनल में दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को 6-3, 6-3, 6-4 से हराया और फाइनल में उनका मुकाबला कार्लोस अल्काराज से होगा।

साभार : गूगल

इससे पहले अल्काराज ने टेलर फ्रिट्ज़ को 6-4, 5-7, 6-3, 7-6 (6) से हराकर विंबलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम इवेंट के फाइनल में जगह बनाई। नंबर एक रैंक वाले सिनर सेंटर कोर्ट में अपनी इस जीत के साथ पहली बार विंबलडन के फाइनल में पहुंचे हैं।

अल्काराज लगातार तीसरा विंबलडन खिताब और कुल मिलाकर छठा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने से एक मैच दूर हैं तथा उनकी टक्कर फाइनल में इतालवी खिलाड़ी सिनर से होगी। दूसरे वरीय अल्काराज लगातार 24 मैचों की जीत की लय के साथ रविवार को होने वाले फाइनल में पहुंच गए।

अल्काराज ने ऑल इंग्लैंड क्लब में 2023 और 2024 के खिताबी मुकाबलों में जोकोविच को हराया था तथा अब तक मेजर फाइनल में उनका रिकॉर्ड 5-0 है। इसमें एक महीने पहले फ्रेंच ओपन में सिनर पर पांच सेटों में मिली वापसी की जीत भी है।

पांचवीं वरीयता प्राप्त फ्रिट्ज पिछले साल अमेरिकी ओपन में सिनर से हारकर उप विजेता रहे थे। 2009 में एंडी रोडिक के रोजर फेडरर से हारने के बाद फ्रिट्ज विम्बलडन फाइनल में पहुंचने वाले पहले अमेरिकी खिलाड़ी बनने की कोशिश में जुटे थे।