Trending

इटली ने रचा इतिहास : पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया

फुटबॉल और टेनिस के लिए लोकप्रिय इटली अब क्रिकेट की दुनिया में अपना नाम बना रहा है। वर्ल्ड क्रिकेट को उन्होंने उस समय हैरान किया जब इटली ने भारत और श्रीलंका में अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया। इटली का यह किसी भी लेवल पर पहला वर्ल्ड कप होगा।

@ICC

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालीफायर का आखिरी दिन काफी रोमांचक रहा, क्योंकि चारों टीमें क्वालीफाई करने की दौड़ में थीं। अंत में, इटली के साथ नीदरलैंड्स ने टी20 वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया।

इटली को अपने आखिरी मैच में नीदरलैंड्स के हाथों ही हार का सामना करना पड़ा, मगर जर्सी से बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से उन्हें यह टिकट मिला।

बता दें, अन्य मुकाबले में जर्सी की टीम ने पिछले 4 टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले स्कॉटलैंड की टीम को हराकर हर किसी को हैरान किया। इस जीत के बाद जर्सी के खाते में भी इटली के बराबर 5 अंक हो गए थे, मगर नेट रन रेट के चलते जर्सी की टीम चूक गई।

स्कॉटलैंड और जर्सी के बीच हुआ मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा, जर्सी ने आखिरी गेंद पर 1 विकेट से जीत दर्ज की। वहीं नीदरलैंड्स ने इटली के खिलाफ 135 रनों का पीछा आसानी से किया। इटली को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट हासिल करने के लिए नीदरलैंड्स को यह रन चेज 15 ओवर से पहले नहीं करने देनी थी, उनका नेट रन रेट जर्सी से अधिक रहे।

नीदरलैंड्स ने इस टारगेट को 16.2 ओवर में हासिल किया, जिस वजह से इटली को टी20 वर्ल्ड कप का टिकट मिल सका। बता दें, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें खेलेगी, जिसमें से 15 टीमों का नाम साफ हो गया है। ईस्ट-एशिया पैसिफिक क्वालीफायर से तीन और टीमें प्रतियोगिता से क्वालीफाई करेंगी, जबकि दो और टीमें अफ्रीका क्वालीफायर से क्वालीफाई करेंगी।