यानिक सिनर ने रचा इतिहास, विंबलडन में अल्काराज को हराकर जीता अपना पहला ग्रैंड स्लैम
कार्लोस अल्काराज को हराकर यानिक सिनर ने पहली बार विंबलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम का खिताब जीता। सिनर पिछले दो बार के विजेता कार्लोस अल्काराज को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर ऑल इंग्लैंड क्लब में पहली बार चैंपियन बने। इस हार के साथ दूसरे वरीय अल्कराज का लगातार 24 मैचों की जीत का सिलसिला खत्म हो गया है।

सिनर 1968 के बाद से सेंटर कोर्ट पर ट्रॉफी उठाने वाले 23वें खिलाड़ी बन गए हैं। यानिक सिनर विंबलडन एकल खिताब जीतने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सिनर ने रौलां गैरो में मिली हार के पांच हफ्ते बाद, विंबलडन में शानदार अंदाज में अल्काराज से बदला लिया और अपना चौथा मेजर खिताब जीता।
चैंपियनशिप में अपने पहले फाइनल में, दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी ने एक बेहतरीन मुकाबले में स्पेनिश खिलाड़ी को हराया। अल्काराज ने सिनर के खिलाफ पिछले पांच मैच जीते थे, जिसमें हालिया जीत आठ जून को रोलां गैरां में लगभग साढ़े पांच घंटे तक चली पांच सेटों की भिड़ंत में आई थी।
सिनर ने उस मैच में दो सेट की बढ़त बना ली थी लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। इससे अल्काराज का मेजर फाइनल में स्कोर 5-0 हो गया था। सिनर ने ऑल इंग्लैंड क्लब में ऐसे मैच में अपनी छाप छोड़ी, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। हालांकि बीच-बीच में चूक भी हुई।
अल्काराज ने सेंटर कोर्ट में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 24 मैच की जीत के साथ उतरे थे। उन्होंने ऑल इंग्लैंड क्लब में लगातार 20 मैच जीते थे जिसमें 2023 और 2024 के फाइनल में नोवाक जोकोविच के खिलाफ जीत भी है। विंबलडन में पिछली बार अल्काराज को हराने वाले खिलाड़ी सिनर हैं जिन्होंने 2022 में चौथे दौर में उन्हें हराया था।
कार्लोस अल्काराज ने विंबलडन के शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में टेलर फ्रिट्ज को 6-4, 5-7, 6-3, 7-6 (6) से हराकर लगातार तीसरी विंबलडन चैंपियनशिप में जगह बनाई थी।
वहीं सिनर ने नोवाक जोकोविच को 6-3, 6-3, 6-4 से हराकर पहली बार ऑल इंग्लैंड क्लब में फाइनल में प्रवेश किया। अल्काराज लगातार तीसरा विंबलडन खिताब और कुल मिलाकर छठा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने से चूक गए। इससे पहले फ्रेंच ओपन के फाइनल में अल्काराज ने पांच घंटे 29 मिनट तक चले मुकाबले में सिनर के खिलाफ जीत हासिल की थी।