कैमरन ग्रीन की नाबाद पारी ने ऑस्ट्रेलिया को संभाला: तीसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज पर 181 रनों की बढ़त
कैमरन ग्रीन की नाबाद पारी से ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन वेस्टइंडीज पर 181 रन की बढ़त हासिल कर ली। वेस्टइंडीज की आक्रामक तेज गेंदबाजी के सामने कंगारुओं ने 99 रन पर छह विकेट गंवा दिए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ग्रीन 42 रन बनाकर खेल रहे थे।

उनके साथ दूसरे छोर पर कप्तान पैट कमिंस पांच रन बनाकर खेल रहे हैं। रविवार को तीनों सत्र में तेज गेंदबाजों का दबदबा रहा और दोनों टीमों के 15 विकेट गिरे। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों ने इस दिन रात्रि टेस्ट मैच में इससे पहले वेस्टइंडीज को पहली पारी में 143 रन पर आउट करके अपनी टीम को 82 रन की बढ़त दिलाई थी।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 225 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्हें तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ (19 रन देकर तीन विकेट) और शमर जोसेफ (26 रन देकर दो विकेट) की कड़ी चुनौती मिली। शमर जोसेफ़ ने दूसरे ओवर में सैम कोंस्टास (00) आउट कर दिया, जिससे ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी का पतन शुरू हो गया। कोंस्टास का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने छह पारियों में 50 रन बनाए हैं।
उस्मान ख्वाजा (14) और स्टीव स्मिथ (05) नहीं चल पाए और बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। अल्जारी जोसेफ ने 21वें ओवर में ब्यू वेबस्टर (13) और एलेक्स कैरी (00) को आउट करके ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 69 रन कर दिया।
इससे पहले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज भी नहीं चल पाए। ऑस्ट्रेलिया से तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने 34 रन देकर तीन जबकि जोश हेज़लवुड और पैट कमिंस ने दो-दो विकेट लिए, जिससे वेस्टइंडीज़ अपनी पहली पारी में सिर्फ़ 52 ओवर में ही आउट हो गया। वेस्टइंडीज से जॉन कैम्पबेल ने सर्वाधिक 36 रन बनाए जबकि शाई होप (23) 20 रन की संख्या पार करने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे।