Trending

एआई-171 दुर्घटनाग्रस्त विमान में कोई तकनीकी समस्या नहीं मिली : एयर इंडिया सीईओ

नई दिल्ली : अहमदाबाद हादसे के बारे में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की रिपोर्ट पर एयर इंडिया के मुख्‍य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने सोमवार को पहली प्रतिक्रिया दी है। टाटा की अगुवाई वाली विमानन कंपनी के एमडी ने कहा कि 12 जून को गुजरात में दुर्घटनाग्रस्त विमान या उसके इंजन में कोई यांत्रिक या रख-रखाव संबंधी समस्या नहीं पाई गई है।

कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक ई-मेल में कहा है कि पिछले महीने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना पर एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट में कई सारी चीजें स्पष्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट में न तो कोई कारण बताया गया और न ही कोई सुझाव दिया गया है। विल्सन ने आगे कहा कि विमान के ईंधन की गुणवत्ता में कोई समस्या नहीं थी और टेक-ऑफ रोल में कोई असामान्यता नहीं थी।

उन्होंने एयर इंडिया के कर्मचारियों को इस संदेश में कहा कि पायलटों ने उड़ान से पूर्व ब्रेथलाइजर परीक्षण पास कर लिया था। उनकी चिकित्सा जांच के दौरान कोई भी चिंताजनक बात सामने नहीं आई थी। विल्सन ने कर्मचारियों से अपील की कि वे जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष न निकालें, क्योंकि जांच अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि हम जांचकर्ताओं के साथ सहयोग करते रहेंगे।

दरअसल, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने 12 जून को गुजरात में दुर्घटनाग्रस्त विमान पर शनिवार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की थी। इस विमान हादसे में 260 लोग मारे गए थे। अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा यह विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गया था।